गाजियाबाद। आगामी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट किए जाने की प्रक्रिया तेज़ कर दी गई है। इसी क्रम में गाजियाबाद के डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने शहर की सभी RWA (रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) और AOA (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) से सहयोग की अपील की है।
SIR की प्रक्रिया को मॉनिटर करते डीएम
जिलाधिकारी ने कहा है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान बीएलओ (BLO) द्वारा घर–घर की जा रही गणना एवं प्रपत्र संग्रहण में शहर की सोसायटियों और कॉलोनियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। चूंकि गाजियाबाद एक घनी आबादी वाला शहरी क्षेत्र है और यहां बड़ी संख्या में मतदाताओं का लगातार स्थानांतरण होता रहता है, ऐसे में बीएलओ को भरे हुए गणना प्रपत्र प्राप्त करने में कठिनाइयाँ सामने आ रही हैं।
इसी स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी RWA और AOA से स्पष्ट रूप से कहा है कि वे अपनी-अपनी सोसायटी में मतदाताओं को सक्रिय रूप से सूचित करें कि वे गणना प्रपत्र (फॉर्म) भरकर बीएलओ को अवश्य उपलब्ध कराएं।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की है कि एसआईआर अभियान के तहत “30 नवंबर को अंतिम अवसर” दिया जा रहा है। इस दिन बीएलओ फिर से सोसायटियों और कॉलोनियों में पहुंचकर गणना प्रपत्र एकत्र करेंगे। इसलिए सभी निवासियों को समय पर अपने दस्तावेज तैयार रखकर मतदाता सूची अद्यतन में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने जोर देकर कहा कि मतदाता सूची का सही और समय पर अपडेट लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और इसमें RWA–AOA की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र नहीं भरा है तो वह 30 नवंबर को बीएलओ को उपलब्ध करा दें, अन्यथा उनका नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह सकता है।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें और मतदाता सूची संशोधन अभियान में पूरी तत्परता से भाग लें।