अपने भीतर के इकतारे को सुनें : अमिताभ अग्निहोत्री
कवयित्री तारा गुप्ता के गजल संग्रह ‘मुझमें भी रहता इकतारा’ का लोकार्पण
NEWS1UP
गाजियाबाद। नेहरू नगर स्थित गांधर्व संगीत महाविद्यालय ऑडिटोरियम में सुप्रसिद्ध कवयित्री, निदेशक-गांधर्व संगीत महाविद्यालय डॉ. तारा गुप्ता के नवीनतम गजल संग्रह ‘मुझमें भी रहता इकतारा’ का लोकार्पण देश के सुविख्यात साहित्यकारों ने किया।

मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री ने कहा कि अपने भीतर के इकतारे की आवाज सुनें. उसकी करुणा को समझें और जनहित में काव्य रचना करें। उन्होंने तारा गुप्ता के गजल संग्रह को करुणा का इकतारा बताया और हर रचना की प्रशंसा की। समारोह की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध गजलकार कमलेश भट्ट कमल ने की। उन्होंने कहा कि तारा जी की गजलें समाज को दिशा दिखाने वाली हैं। संगीतकार राजेश सिंह नेगी ने तारा गुप्ता के दोहे गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर मशहूर शायर दीक्षित दनकौरी, संदीप गर्ग, डॉ. शेखर गुप्ता, रश्मि मित्तल आदि ने भी अपने विचार प्रगट किये। समूचे कार्यक्रम का सफल संचालन सुप्रसिद्ध कवि डॉ. चेतन आनंद और अनिमेष शर्मा ने किया। इससे पूर्व समारोह की शुरूआत दीप प्रज्जवलन एवं विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना के साथ हुई। गांधर्व संगीत महाविद्यालय के संरक्षक सुभाष गर्ग ने सभी का आभार व्यक्त किया।

मंचासीन अतिथियों का सम्मान पारिवारिक सदस्यों ने गरिमामय शॉल व स्मृति चिह्न प्रदान कर किया। असलम राशिद, डॉ. चेतन आनंद, अनिमेष शर्मा और विवेक वशिष्ठ ने दूसरे सत्र में काव्य पाठ कर खूब समाँ बाँधा। इस मौके पर तरुण गोयल, डॉ. शिखा गोयल, शशि, शोभा सचान, पियूष कांति, आलोक यात्री, संगीता अहलावत, वागीश शर्मा, संजीव शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, डॉ. श्वेता त्यागी, गार्गी कौशिक, राजीव सिंघल, उत्कर्ष गर्ग आदि मौजूद रहे।
