गाजियाबाद के फोटो जर्नलिस्ट उस्मान सैफी का आकस्मिक निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
NEWS1UP
डेस्क
गाजियाबाद। गाजियाबाद के वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट उस्मान सैफी का रविवार को बिजली का करंट लगने से आकस्मिक निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, अपने घर पर इन्वर्टर से करंट लगने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उस्मान सैफी के निधन की खबर फैलते ही गाजियाबाद के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सहयोगियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। अपने सहज, सरल और मिलनसार स्वभाव के कारण उस्मान सैफी ने पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी।
उस्मान सैफी लंबे समय से नवोदय टाइम्स से जुड़े हुए थे और अपनी निष्पक्ष एवं समर्पित फोटो पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
अपने पीछे वह पत्नी, दो बेटियों और एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है।
NEWS1UP परिवार वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट उस्मान सैफी के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना करता है।
