जो कब्जा करेगा, उस पर चलेगा बुलडोजर: विधानसभा में योगी का विपक्ष पर सीधा प्रहार, सपा को घेरा!

0

NEWS1UP

संवाददाता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तेवर पूरी तरह आक्रामक और आत्मविश्वास से भरा रहा। बुद्धवार को विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि अवैध कब्जा करने वालों के लिए यूपी में कोई जगह नहीं है और बुलडोजर की कार्रवाई को कोई नहीं रोक सकता।

सीएम योगी ने दो टूक कहा-

“जो भी कब्जा करेगा, उसे मैं छोड़ूंगा नहीं। चाहे वह कोई भी हो। स्मारक हो, ऐतिहासिक स्थल हो या सार्वजनिक ज़मीन, अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

‘आज दुनिया यूपी की तारीफ कर रही है’

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले और आज के उत्तर प्रदेश की तुलना करते हुए कहा कि पहले राज्य की पहचान अराजकता, अपराध और असुरक्षा से जुड़ी थी, लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।
उन्होंने कहा,

“2017 से पहले यूपी के बारे में लोगों की सोच अच्छी नहीं थी। आज राज्य के अंदर और बाहर, हर जगह लोग कहते हैं कि यूपी में अब सुरक्षा का माहौल है। यह हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता रही है।”

सपा पर सीधा हमला: पहचान का संकट पैदा किया

समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष में बैठकर हर अच्छे काम की आलोचना करना उनकी मजबूरी है, लेकिन सपा ने अपने शासनकाल में पूरे प्रदेश को पहचान के संकट में डाल दिया।
उन्होंने कहा,

“अगर 9 साल पहले समाजवादी पार्टी ने वही सलाह मानी होती, जो आज दे रही है, तो प्रदेश का भला हो गया होता।”

काफिला क्यों लूटा ?: योगी का तंज

सीएम योगी ने सपा को कटघरे में खड़ा करते हुए मशहूर पंक्ति दोहराई-

“तू इधर-उधर की बात मत कर, ये बता कि काफिला क्यों लूटा।”

उन्होंने सवाल उठाया कि पूजा पाल क्या पीडीए का हिस्सा नहीं थीं ? और अगर थीं, तो उस दौर की हिंसा और अराजकता की ज़िम्मेदारी कौन लेगा ?

अराजकता के लिए कौन ज़िम्मेदार ?

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासन के दौरान प्रदेश में अराजकता का तांडव देखने को मिला, जिससे कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
उन्होंने पूछा-

“जो अराजकता फैली, उसके लिए आखिर ज़िम्मेदार कौन था ?”

 कानून सबके लिए बराबर

सीएम योगी के पूरे भाषण का सार साफ था अवैध कब्जों पर ज़ीरो टॉलरेंस, कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं और विपक्ष चाहे जितना विरोध करे, सरकार अपने फैसलों से पीछे नहीं हटेगी। विधानसभा में योगी आदित्यनाथ का यह भाषण न सिर्फ विपक्ष के लिए सख्त चेतावनी था, बल्कि यह संदेश भी कि उत्तर प्रदेश अब पुराने दौर में लौटने वाला नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!