गाजियाबाद की विधायक कॉलोनी में दूषित जल से बढ़ी चिंता!
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की विधायक कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से गंदे और दूषित पानी की सप्लाई को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि नलों से बदबूदार और मटमैला पानी आ रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार दूषित पानी के कारण डायरिया, उल्टी, बुखार और त्वचा संबंधी रोगों के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। कॉलोनी निवासी रामेश्वर सिंह ने बताया कि उनकी आंख में संक्रमण की शिकायत होने पर जब वे डॉक्टर के पास पहुंचे तो उन्हें संभावित कारण के रूप में दूषित पानी के सेवन की आशंका बताई गई। इसी तरह सौरभ चतुर्वेदी और सविता देवी ने भी स्वास्थ समस्या की जानकारी दी है। सविता देवी सोसाइटी गार्ड की पत्नी हैं, उनके मुताबिक उन्हें टाइफाइड हुआ जिसकी वजह दूषित पानी बताया गया है।
पाइपलाइन लीकेज पर उठे सवाल
निवासियों का कहना है कि कॉलोनी की गली नंबर तीन में आने वाली गंगा जल आपूर्ति की पाइपलाइन में लीकेज है, जिसके कारण नाली का गंदा पानी पेयजल में मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
जांच और साफ पानी की मांग
कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि दूषित पानी की सप्लाई तत्काल बंद की जाए, पानी की गुणवत्ता की लैब जांच कराई जाए और जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता, तब तक टैंकरों के माध्यम से साफ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी बीमारी का खतरा बढ़ सकता है।
