February 20, 2026

योगी की महिला ब्रिगेड का दमदार एक्शन: करोड़ों की सोना लूट का पर्दाफाश, मुठभेड़ में चार शातिर गिरफ्तार!

0
0
0

व्यापारियों ने ली राहत की सांस

अपराधियों में फैला खौफ

NEWS1UP

अपराध डेस्क

मिर्जापुर/बिलासपुर। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों के खिलाफ योगी सरकार की “महिला ब्रिगेड” ने एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। बिलासपुर में दिनदहाड़े ज्वैलर को गोली मारकर करोड़ों रुपये का सोना लूटने वाले गिरोह को मिर्जापुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। इस कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए, जबकि कुल चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दिनदहाड़े लूट से दहला था बिलासपुर

17 फरवरी को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में उस वक्त सनसनी फैल गई थी, जब बदमाशों ने एक ज्वैलर को गोली मारकर करोड़ों रुपये का सोना लूट लिया। इस दुस्साहसी वारदात ने व्यापारी वर्ग को हिला कर रख दिया था। घटना के बाद पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गई थीं और बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।

मां विंध्यवासिनी की नगरी में चला मिशन शक्ति

आखिरकार बदमाशों की लोकेशन उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में ट्रेस हुई। मां विंध्यवासिनी की नगरी में पुलिस ने घेराबंदी कर मुठभेड़ की। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। कुल चार अपराधियों को पुलिस ने धर दबोचा।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा गौतम

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अपर्णा गौतम के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन शिखा भारती ने किया। महिला अधिकारियों की अगुवाई में हुई इस सटीक कार्रवाई को “मिशन शक्ति” की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

करोड़ों का सोना और असलहे बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई किलो सोना, भारी मात्रा में नकदी और कई अवैध असलहे बरामद किए हैं। बरामद सोने की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरोह अंतरराज्यीय है और इसके तार छत्तीसगढ़ से जुड़े हैं।

महिला सशक्तिकरण की मिसाल

इस पूरे ऑपरेशन ने यह साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला अधिकारी सिर्फ जिम्मेदारी नहीं निभा रहीं, बल्कि फ्रंटलाइन पर रहकर अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रही हैं। योगी सरकार की “महिला ब्रिगेड” ने एक बार फिर यह संदेश दे दिया है कि अपराधी चाहे किसी भी राज्य के हों, कानून से बच नहीं सकते।

व्यापारियों में राहत, बदमाशों में खौफ

मुठभेड़ और गिरफ्तारी की खबर के बाद व्यापारी वर्ग ने राहत की सांस ली है। वहीं, अपराधियों में पुलिस के प्रति खौफ का माहौल है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!