प्रख्यात अमेरिकी वैदिक विद्वान ने लखनऊ में मुख्यमंत्री से की विशेष मुलाकात
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। अमेरिका के प्रख्यात वैदिक विद्वान और पद्मभूषण सम्मानित चिंतक डेविड फ्रॉले (David Frawley) ने राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान योग, आयुर्वेद, सनातन संस्कृति और नाथ परंपरा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद डॉ. फ्रॉले ने कहा कि योगी आदित्यनाथ भारतीय राजनीति के “शुद्धिकरण” का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी जी नाथ परंपरा के प्रतिनिधि हैं, जो भारत की प्राचीन योग संस्कृति की जीवंत धारा है और आज भी समाज को दिशा दे रही है।
डॉ. फ्रॉले ने कहा, “योगी आदित्यनाथ न केवल आध्यात्मिक परंपराओं का संरक्षण कर रहे हैं, बल्कि उन्हें वैश्विक स्तर पर विस्तार भी दे रहे हैं। वे शरीर, मन और समाज के समग्र स्वास्थ्य व कल्याण के लिए कार्यरत हैं। भारत की वे परंपराएं, जो संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक हैं, योगी जी के नेतृत्व में नई ऊर्जा प्राप्त कर रही हैं।”

‘नई अयोध्या’ की सराहना
अमेरिकी विद्वान ने योगी सरकार द्वारा अयोध्या के व्यापक विकास और कायाकल्प की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि अयोध्या का पुनरुत्थान भारत के आध्यात्मिक गौरव की पुनर्स्थापना का प्रतीक है। डॉ. फ्रॉले ने कहा, प्रभु श्रीराम का दर्शन अत्यंत आध्यात्मिक अनुभव है। भगवान राम भारत की आत्मा के प्रतीक हैं। वे हमें सूर्यवंश की परंपरा से जोड़ते हैं और विविध धार्मिक धाराओं को एक सूत्र में पिरोते हैं। आज जब विश्व अपनी आध्यात्मिक चेतना से दूर होता जा रहा है, ऐसे में वेद, योग और आयुर्वेद की ओर लौटना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने आगे कहा कि-
वर्तमान वैश्विक परिवेश में भारतीय ज्ञान परंपरा का पुनर्जीवन अनिवार्य है और इस दिशा में योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए महत्वपूर्ण है।
‘आदित्य’ से जुड़ा तेज
डॉ. फ्रॉले ने योगी आदित्यनाथ के व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके भीतर एक विशेष तेज है। “योगी जी ‘आदित्य’ हैं, जो सूर्य तत्व से जुड़े हैं। आत्मविद्या के लिए हम आदित्य की ओर देखते हैं और सूर्य ही योग का आधार है। उनके साथ कुछ क्षण बिताना भी जीवनभर की स्मृति बन जाता है,” उन्होंने कहा।
कौन हैं डॉ. डेविड फ्रॉले
विसकॉन्सिन (अमेरिका) में एक कैथोलिक परिवार में जन्मे डॉ. डेविड फ्रॉले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैदिक अध्ययन और हिंदू चिंतन के प्रमुख विद्वानों में गिने जाते हैं। वे वेद, हिंदू धर्म, योग, आयुर्वेद और ज्योतिष शास्त्र पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिख चुके हैं।
भारत सरकार ने वर्ष 2015 में उन्हें देश के उच्च नागरिक सम्मानों में से एक पदम् भूषण से सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त मुंबई स्थित साउथ इंडियन एजुकेशन सोसायटी ने भी आयुर्वेद, योग और वैदिक ज्योतिष के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘नेशनल एमिनेंस अवार्ड’ प्रदान किया था।
डॉ. फ्रॉले की यह मुलाकात उत्तर प्रदेश सरकार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहलों को वैश्विक बौद्धिक जगत में मिल रहे समर्थन के रूप में भी देखी जा रही है।