अमेरिका खोलेगा एलियन और UFOs से जुड़े राज!!
एलियन फाइल्स पर बड़ा सियासी धमाका
ट्रंप का खुलासा, ओबामा पर आरोप और पारदर्शिता की नई बहस
NEWS1UP
फीचर डेस्क
अमेरिका की सियासत में एक बार फिर ऐसा मुद्दा उछला है, जो विज्ञान, रहस्य और राजनीति तीनों को एक साथ जोड़ देता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एलियन, बाहरी जीवन और अनजान हवाई घटनाओं से जुड़ी सरकारी फाइलों को सार्वजनिक करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने का संकेत दिया है। ट्रंप ने कहा है कि वे युद्ध सचिव और संबंधित एजेंसियों को निर्देश देंगे कि वे एलियन, अनजान हवाई घटनाओं (UAP) और अनजान उड़ने वाली वस्तुओं (UFO) से जुड़ी फाइलों की पहचान करें और उन्हें जारी करने की प्रक्रिया शुरू करें।

ओबामा के बयान से मचा था हलचल
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में एलियंस को लेकर टिप्पणी की थी।
ओबामा ने कहा था-
“वे असली हैं… लेकिन मैंने उन्हें नहीं देखा है और उन्हें एरिया 51 में नहीं रखा गया है।”
ट्रंप ने ओबामा पर आरोप लगाया कि उन्होंने गोपनीय जानकारी लीक की है और इसे “बड़ी गलती” बताया। हालांकि ओबामा के बयान को कई विशेषज्ञों ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में दिया गया जवाब बताया, लेकिन ट्रंप ने इसे गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दा बना दिया है।

एरिया 51 और पेंटागन रिपोर्ट्स पर वर्षों से उठते रहे सवाल
एलियन और UFO से जुड़ी चर्चाओं में Area 51 का नाम हमेशा सुर्खियों में रहता है। यह अमेरिका का अत्यंत गोपनीय सैन्य ठिकाना माना जाता है, जहां दशकों से एलियन रिसर्च और गुप्त तकनीकों के परीक्षण की अफवाहें उड़ती रही हैं। इसके अलावा, Pentagon की कुछ पुरानी रिपोर्ट्स और हाल के वर्षों में जारी किए गए UAP वीडियो ने भी इस बहस को और हवा दी है। अमेरिकी कांग्रेस में भी UAP को लेकर सुनवाई हो चुकी है, जहां पायलटों और अधिकारियों ने अनजान हवाई वस्तुओं के अनुभव साझा किए।
पारदर्शिता या सियासी रणनीति ?
ट्रंप के समर्थक इसे पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम बता रहे हैं। उनका कहना है कि जैसे उन्होंने John F. Kennedy की हत्या से जुड़ी फाइलों को सार्वजनिक करने की बात की थी, वैसे ही अब वे एलियन फाइल्स को भी उजागर करना चाहते हैं। हालांकि आलोचक इसे एक राजनीतिक रणनीति भी मान रहे हैं। कुछ विश्लेषकों का कहना है कि यह कदम तथाकथित “एपस्टीन फाइल्स” या अन्य विवादों से ध्यान हटाने की कोशिश हो सकता है।
दिलचस्प बात यह भी है कि ट्रंप की बहू लारा ट्रंप ने हाल ही में संकेत दिया था कि राष्ट्रपति के पास एलियंस और अंतरिक्ष यान से जुड़ा एक भाषण तैयार है, जिसे “सही समय” पर सार्वजनिक किया जाएगा।
क्या सच में हैं एलियन ?
वैज्ञानिक समुदाय अब तक एलियन के अस्तित्व पर कोई ठोस प्रमाण नहीं दे पाया है। हालांकि पेंटागन ने यह स्वीकार किया है कि कुछ UAP घटनाओं की व्याख्या अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। लेकिन “अनजान” का मतलब “एलियन” होना नहीं है, यह बात वैज्ञानिक बार-बार दोहराते रहे हैं।
दुनिया की नजरें अमेरिका पर
ओबामा के बयान और ट्रंप के आरोप-प्रत्यारोप ने इस मुद्दे को एक बार फिर वैश्विक सुर्खियों में ला दिया है। सवाल यह है कि क्या सच में कोई बड़ा खुलासा होने वाला है, या यह सिर्फ सियासी बयानबाज़ी है ? फिलहाल, दुनिया इंतज़ार कर रही है उन फाइलों का, जो शायद दशकों पुराने रहस्यों से पर्दा उठा दें, या फिर यह साबित कर दें कि एलियन की कहानी सिर्फ कल्पना और रहस्य का ताना-बाना है।
