फार्च्यून रेजीडेंसी में AOA चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न, 77% से अधिक मतदान!
मत्स्य अधिकारी ऋतु चौधरी की देखरेख में सम्पन्न हुई चुनाव प्रक्रिया
NEWS1UP
एओए/आरडब्लूए डेस्क
गाजियाबाद।राजनगर एक्सटेंशन स्थित फार्च्यून रेजीडेंसी में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के चुनाव रविवार को उत्साह और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुए। कुल 666 मतों में से 514 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो लगभग 77 प्रतिशत से अधिक मतदान को दर्शाता है। भारी संख्या में निवासियों की भागीदारी ने सोसायटी में लोकतांत्रिक जागरूकता और सक्रियता का परिचय दिया।
चुनाव प्रक्रिया डिप्टी रजिस्ट्रार द्वारा अधिकृत चुनाव अधिकारी, मत्स्य अधिकारी ऋतु चौधरी की देखरेख में सम्पन्न हुई। मतदान के दौरान शांति और अनुशासन बना रहा तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। निर्धारित समय के भीतर मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। परिणाम घोषित होने के साथ ही फार्च्यून रेजीडेंसी में नई AOA का औपचारिक गठन होगा।
फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन सोसाइटीज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सुबोध गुप्ता ने मतदान प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि चुनाव पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुए। उनका मानना है कि निष्पक्ष चुनाव से न केवल सोसायटी के निवासियों का विश्वास सुदृढ़ होगा, बल्कि सरकारी अधिकारियों के प्रति भरोसा भी और अधिक बढ़ेगा।
स्थानीय निवासियों ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लेते हुए यह संदेश दिया कि वे अपनी सोसायटी के सुशासन और विकास के प्रति सजग हैं। अब सभी की निगाहें मतगणना और नए पदाधिकारियों की घोषणा पर टिकी हैं, जिससे सोसायटी के भविष्य की दिशा तय होगी।
