February 22, 2026

‘साइलेंट किलर’ के प्रति जागरूकता: गौर कैस्केड्स में किडनी स्वास्थ्य पर सार्थक पहल!

0
0
0

AIIMS विशेषज्ञों की मौजूदगी में सैकड़ों निवासियों ने कराई निःशुल्क जांच

वरिष्ठ नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी

NEWS1UP

एओए/आरडब्लूए डेस्क

गाजियाबाद।राजनगर एक्सटेंशन स्थित गौर कैस्केड्स सोसाइटी में आज स्वास्थ्य जागरूकता की एक प्रेरक मिसाल देखने को मिली, जब गौर कैस्केड्स अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के सहयोग से निःशुल्क किडनी स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। 

सुबह से ही सोसाइटी परिसर में स्वास्थ के प्रति जागरूकता का माहौल रहा। बड़ी संख्या में निवासियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया। किडनी से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए इस प्रकार की पहल को समय की आवश्यकता माना जा रहा है।

शिविर में देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) से किडनी रोग विशेषज्ञ विशेषज्ञ डॉ. अमित गुप्ता ने उपस्थित निवासियों को किडनी रोगों के प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय तथा नियमित जांच के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “किडनी की बीमारियाँ अक्सर शुरुआती चरण में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के बढ़ती हैं, इसलिए समय-समय पर जांच अत्यंत आवश्यक है।”

डाइटिशियन आस्था गौर ने संतुलित आहार, कम नमक सेवन, पर्याप्त जल सेवन और नियमित व्यायाम को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने मधुमेह और उच्च रक्तचाप से ग्रस्त लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर (RBS), HbA1c, सीरम कोलेस्ट्रॉल तथा यूरिन डिपस्टिक टेस्ट सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। अनेक निवासियों ने पहली बार HbA1c और यूरिन टेस्ट करवाकर अपनी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

सोसाइटी प्रबंधन बोर्ड ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में जागरूकता पैदा करना और उन्हें समय रहते सतर्क करना है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी और स्वास्थ्य उन्मुख कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

इस सफल आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि जब सामुदायिक नेतृत्व और चिकित्सा विशेषज्ञता साथ आते हैं, तो स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। गौर कैस्केड्स सोसाइटी की यह पहल अन्य आवासीय सोसाइटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है।

सोसाइटी प्रबंधन ने चिकित्सकों, सहयोगी टीम और सभी सक्रिय सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज की नींव है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!