नौकरी मिली तो छलक पड़े आंसू! 665 नर्सिंग अधिकारियों को CM योगी ने सौंपे नियुक्ति पत्र
लखनऊ के लोक भवन में भव्य कार्यक्रम
अभ्यर्थियों ने पारदर्शी व निष्पक्ष चयन प्रक्रिया की सराहना की
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के लोक भवन में रविवार को आयोजित एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने 665 चयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह आयोजन केवल नियुक्ति वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवाओं के विश्वास, मेहनत और सिस्टम की पारदर्शिता का प्रतीक बनकर उभरा।
मंच से एक-एक कर अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता की खुलकर सराहना की। सभी का एक ही स्वर था, अब सरकारी भर्तियों में जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर केवल योग्यता को प्राथमिकता दी जा रही है।
परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष रही: प्रियंका सिंह
मोहनलालगंज, लखनऊ की प्रियंका सिंह ने बताया कि पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के कारण उन्हें प्रथम रैंक प्राप्त करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किए गए सुधारों ने इसे पूरी तरह निष्पक्ष बना दिया। भावुक होते हुए प्रियंका ने इसे अपने जीवन का सपना पूरा होने जैसा बताया और अपने परिवार, विशेषकर बड़े भाई के सहयोग को याद किया।

योग्यता को मिला सम्मान: संध्या सिंह
सुल्तानपुर की संध्या सिंह ने कहा कि दो चरणों में संपन्न हुई परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी रही। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बार केवल योग्य उम्मीदवारों का ही चयन हुआ है। उन्होंने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए सरकार और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
सख्ती के कारण गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं: अनामिका यादव
मैनपुरी की अनामिका यादव ने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इतनी सख्ती थी कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना ही समाप्त हो गई थी। उन्होंने इसे सरकार की ईमानदारी और मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया का प्रमाण बताया।

धारणा बदली, यूपी में दिखा विकास: शरिमा सिद्दीकी
शरिमा सिद्दीकी, जो पूर्व में सेना में रह चुकी हैं, ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले उनके मन में उत्तर प्रदेश को लेकर नकारात्मक धारणा थी। लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास ने उनकी सोच पूरी तरह बदल दी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब यूपी तेजी से प्रगति कर रहा है।
गर्व और खुशी का पल: आकांक्षा
आकांक्षा ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने को अपने जीवन का सबसे गर्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी परीक्षा के कारण ही योग्य उम्मीदवारों को अवसर मिल सका।
पारदर्शिता से मजबूत हुआ भरोसा
कार्यक्रम में शामिल सभी अभ्यर्थियों ने एक स्वर में कहा कि चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता ने उनके मन में सिस्टम के प्रति भरोसा और मजबूत किया है। यह आयोजन केवल रोजगार देने का माध्यम नहीं, बल्कि यह संदेश देने का मंच भी बना कि अब सरकारी नौकरियों में सफलता का आधार केवल मेहनत और योग्यता है।
