“WAR LOCKDOWN NOTICE” के नाम पर साइबर जाल: सावधान रहें…
आपके मोबाइल में घुस सकता है वायरस
एक गलत क्लिक से खाली हो सकता है बैंक अकॉउंट !
NEWS1UP
डेस्क
इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर WhatsApp पर “WAR LOCKDOWN NOTICE” नाम की एक संदिग्ध फाइल तेजी से वायरल हो रही है। पहली नजर में यह फाइल किसी मजाक या April Fool प्रैंक जैसी लग सकती है, लेकिन साइबर विशेषज्ञों ने इसे लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह कोई साधारण संदेश नहीं, बल्कि एक सोची-समझी सोशल इंजीनियरिंग रणनीति का हिस्सा हो सकता है, जिसका मकसद लोगों के मोबाइल और कंप्यूटर तक अवैध पहुंच बनाना है।
PDF फाइल के भीतर छिपा साइबर खतरा
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की PDF फाइलें केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि इनके भीतर खतरनाक तकनीकी तत्व छिपे हो सकते हैं।
एम्बेडेड मैलिशियस स्क्रिप्ट्स
PDF फाइल में छिपे JavaScript कोड आपके डिवाइस की कमजोरियों का फायदा उठाकर बैकग्राउंड में हैकिंग प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
मेटाडाटा के जरिए ट्रैकिंग
फाइल खोलते ही आपका IP एड्रेस और लोकेशन जैसी संवेदनशील जानकारी ट्रैक की जा सकती है, जिससे आपकी डिजिटल गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है।
APK फाइल: सबसे बड़ा खतरा
इस मैसेज के साथ कई बार APK फाइल भी भेजी जा रही है, जो और भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती है।
रिमोट एक्सेस ट्रोजन (RAT)
APK इंस्टॉल करते ही हैकर आपके फोन का पूरा नियंत्रण हासिल कर सकता है। वह बिना आपकी जानकारी के कैमरा और माइक्रोफोन तक एक्सेस कर सकता है।
OTP और SMS चोरी
यह मैलवेयर आपके SMS को पढ़कर बैंक OTP तक चुरा सकता है, जिससे आपके बैंक खाते से धोखाधड़ी संभव है।
कीलॉगिंग (Keylogging)
आपके द्वारा टाइप किया गया हर पासवर्ड, PIN और निजी जानकारी रिकॉर्ड होकर सीधे साइबर अपराधियों तक पहुंच सकती है।
कैसे रखें खुद को सुरक्षित ?
साइबर विशेषज्ञों ने इस तरह के हमलों से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बताई हैं:
किसी भी अनजान नंबर से आए PDF या APK फाइल को डाउनलोड या ओपन न करें
फोन की सेटिंग में जाकर “Install Unknown Apps” को बंद रखें
संदिग्ध फाइल मिलने पर उसे तुरंत डिलीट करें और भेजने वाले को सतर्क करें
समय-समय पर अपने डिवाइस को Google Play Protect या एंटीवायरस से स्कैन करें
किसी भी जरूरी सूचना के लिए केवल सरकारी और आधिकारिक वेबसाइट्स पर ही भरोसा करें
