गाजियाबाद के घंटाघर मार्केट में भीषण अग्निकांड
जूतों के शोरूम और गोदाम में लगी विकराल आग, दर्जनभर दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
लगातार बारिश भी नहीं रोक सकी आग का कहर, पूरे बाजार में अफरा-तफरी
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शुमार घंटाघर मार्केट मंगलवार दोपहर भीषण अग्निकांड से दहल उठा। जूतों के एक शोरूम और उससे जुड़े गोदाम में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। ऊंची-ऊंची उठती लपटों और धुएं के घने गुबार से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास की दुकानों को तत्काल खाली कराया गया, जबकि बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
फायर विभाग के अनुसार दोपहर 3 बजकर 6 मिनट पर फायर स्टेशन कोतवाली को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक फायर टेंडर बुलाए गए और दर्जनभर से अधिक दमकल गाड़ियां आग बुझाने के अभियान में जुट गईं।
बारिश के बावजूद नहीं थम रहीं आग की लपटें
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश भी आग की तीव्रता को कम नहीं कर सकी। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी।
आग लगने का कारण अभी रहस्य
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन और आग लगने के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई है।
