न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल ने सीबीएसई नॉर्थ जोन-I हॉकी क्लस्टर में लहराया परचम, जीता कांस्य पदक
NEWS1UP
स्पोर्ट्स डेस्क
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल ने सीबीएसई नॉर्थ जोन-I हॉकी क्लस्टर में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 गर्ल्स वर्ग में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। स्कूल की छात्राओं ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए न केवल विद्यालय, बल्कि गाजियाबाद जनपद का नाम भी रोशन किया।
प्रतियोगिता में न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल की टीम ने अपने अभियान की शुरुआत गायत्री गर्ल्स इंटर स्कूल को 4-0 से हराकर की। इसके बाद टीम ने सनवे रामपुर को भी 4-0 से करारी शिकस्त दी। श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ रहा। वहीं, तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल ने ग्रीनवुड रामपुर को 1-0 से मात देकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
स्कूल की प्रधानाचार्या रुचि गुप्ता ने इस उपलब्धि पर छात्राओं और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयास, अनुशासन और शानदार टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने अपने खेल कौशल और जुझारूपन से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
प्रधानाचार्या ने उम्मीद जताई कि छात्राएं आने वाले समय में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर स्कूल एवं गाजियाबाद का नाम रोशन करेंगी।
न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल की हॉकी टीम की यह उपलब्धि स्कूल की खेल प्रतिभा और छात्राओं के बढ़ते आत्मविश्वास की एक बड़ी मिसाल बनकर सामने आई है।
