October 17, 2026
[t4b-ticker]

ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत! माता-पिता समेत तीन बच्चों के शव बिस्तर पर मिले!!

0
F

रबूपुरा के नगला श्री पदम गांव की घटना

पिछली रात परिवार ने खाए थे नूडल्स, फूड पॉइजनिंग की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस, खाद्य सुरक्षा विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतकों में तीन मासूम बच्चे शामिल

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 37 वर्षीय महेश, 35 वर्षीय ललिता, 11 वर्षीय लड्डू, 7 वर्षीय मिष्टी और 3 वर्षीय साक्षात के रूप में हुई है। यह परिवार रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में रहता था।

जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य रात में खाना खाने के बाद सो गए थे। सुबह जब परिवार का कोई सदस्य नहीं उठा, तो लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद पांचों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पिछली रात खाए थे नूडल्स, फूड पॉइजनिंग की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्यों की मौत के पीछे फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय निवासियों और मृतक महेश की मां के अनुसार, परिवार ने पिछली रात नूडल्स खाए थे। हालांकि, केवल इस जानकारी के आधार पर मौतों का कारण फूड पॉइजनिंग मानना अभी जल्दबाजी होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौतों के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम बारीकी से जांच कर रही हैं। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार की मौत का कारण पिछली रात खाया गया भोजन था या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!