January 23, 2026

राजनगर एक्सटेंशन में सड़कों के निर्माण कार्यों का जीडीए उपाध्यक्ष ने किया स्थलीय निरीक्षण!

0
0
0

कच्ची सड़कों पर नियमित पानी छिड़काव के निर्देश

गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों पर दिया जोर

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने मंगलवार को राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में सड़कों के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

उपाध्यक्ष कलाल ने अग्रवाल हाइट्स से भटटा नंबर-5 को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने 18 मीटर और 24 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को मौके पर समझा और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की कच्ची सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल और प्रदूषण की समस्या से स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने उपाध्यक्ष को अवगत कराया कि राजनगर एक्सटेंशन में लम्बे समय से लंबित पड़ी सड़क निर्माण परियोजनाओं को अब फिर से गति दी जा रही है। अग्रवाल हाइट्स से भटटा नंबर-5 तक की सड़क, जिसका कार्य कई वर्षों से बाधित था, अब पुनः प्रारंभ हो चुका है और तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में निर्माण अनुभाग ने सड़क निर्माण हेतु निर्धारित एलाइनमेंट के अंतर्गत आने वाली भूमि को खाली कराने व डिमार्केशन की कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण के सिविल अभियंत्रण एवं भू-अर्जन अनुभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भूमि का डिमार्केशन कार्य पूरा किया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

स्थानीय निवासियों को चेतावनी दी गई है कि प्रस्तावित सड़क की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण सहन नहीं किया जाएगा। विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस सड़क के निर्माण से राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क तैयार होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, यातायात दबाव में कमी आएगी और नागरिकों को विकास कार्यों का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!