हाई एंड पैराडाइज AOA चुनाव: अध्यक्ष और सचिव निर्विरोध निर्वाचित, कोषाध्यक्ष पद पर हुआ मतदान!
गजेंद्र सिंह तेवतिया अध्यक्ष, कमलदीप त्यागी सचिव
NEWS1UP
एओए/आरडब्लूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित हाई एंड पैराडाइज सोसाइटी में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के चुनाव 22 फरवरी 2026 को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए। चुनाव समिति ने परिणाम घोषित करते हुए नई कार्यकारिणी के गठन की औपचारिक घोषणा की। चुनाव में निवासियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की गई।
इस चुनाव में विभिन्न पदों के लिए कुल 10 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव और सदस्य पदों के लिए एक-एक नामांकन आने के कारण इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन निर्विरोध हुआ। केवल कोषाध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन प्राप्त हुए, जिसके चलते इस पद पर मतदान कराया गया।
घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर गजेन्द्र सिंह निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी गीता सक्सेना को सौंपी गई। सचिव पद पर कमलदीप त्यागी और सहसचिव पद पर चन्दन सिंह का चयन हुआ। इन पदों पर उम्मीदवारों को सर्वसम्मति से समर्थन मिला, जिससे सोसाइटी में आपसी सहमति और एकजुटता का संकेत मिला।
चुनाव का रोचक मुकाबला कोषाध्यक्ष पद पर रहा। यतेश बाना और राजेन्द्र प्रसाद के बीच हुए मतदान में राजेन्द्र प्रसाद को 164 मत मिले, जबकि यतेश बाना को 21 मत प्राप्त हुए। स्पष्ट बहुमत के साथ राजेन्द्र प्रसाद को कोषाध्यक्ष घोषित किया गया। कार्यकारिणी सदस्य के लिए अजय कुमार, गगन मुंजाल,अभिषेक राठी और मिनाक्षी प्रसाद का निर्वाचन हुआ।
चुनाव प्रक्रिया की कमान जे.पी. सिंह, बीरास राणा, देवेंद्र कुमार, तरुण मलिक, निशा चौहान और डॉ. आयुषी प्रकाश की चुनाव समिति ने संभाली। समिति ने मतदान से लेकर मतगणना तक सभी चरणों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया।
नव निर्वाचित कार्यकारिणी से निवासियों को अब सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, रखरखाव में सुधार, वित्तीय पारदर्शिता और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की अपेक्षा है। नई टीम ने भी भरोसा दिलाया है कि सामूहिक सहभागिता के साथ सोसाइटी के हित में कार्य किये जाएंगे।

