February 23, 2026

दादरी की दिन-रात बिजली व्यवस्था संभालने वाले रवि की करंट लगने से मौत!

0
0
0

पीछे छूटा दो बेटियों और एक छोटे बेटे का परिवार

स्थानीय लोगों ने की आर्थिक सहायता व मुआवजे की मांग

NEWS1UP

संवाददाता

दादरी। धूम मानिकपुर विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारी रवि (28) का सोमवार प्रातः बालाजी कॉलोनी में विद्युत कार्य के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने इसे विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवि रोज़ की तरह सुबह विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के लिए लाइन दुरुस्त करने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, किंतु चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हो उठे।

रवि अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे दिन-रात बिना किसी शिकायत के विद्युत व्यवस्था ठीक रखने में जुटे रहते थे। आंधी-तूफान हो या देर रात की शिकायत, रवि हर पुकार पर तत्पर दिखाई देते थे। उनके असामयिक निधन से विभाग और क्षेत्र ने एक मेहनती एवं समर्पित कर्मी खो दिया है।

परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक छोटा बेटा हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है। ऐसे में इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे आर्थिक और मानसिक संकट में डाल दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता और समुचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

श्री बालाजी के संरक्षक बलराज नागर ने तत्काल 10,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की, जबकि ओमवीर आर्य एडवोकेट ने भी आर्थिक मदद दी। क्षेत्रीय नागरिकों ने भी आगे आकर सहयोग का आश्वासन दिया है। इधर विभाग से जुड़े कर्मियों ने सुरक्षा मानकों की समीक्षा और संविदा कर्मचारियों के लिए बेहतर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!