गाजियाबाद में हाउस टैक्स पर बवाल! व्यापारियों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

0

महापौर कुछ और, निगम प्रशासन कुछ और

जनता कन्फ्यूजन में!

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई भारी-भरकम बढ़ोतरी के खिलाफ शहर में एक बार फिर बड़ा जनआंदोलन खड़ा हो गया है। महानगर उद्योग व्यापार मंडल ने आज से घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान करते हुए प्रशासन के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है।

व्यापारियों का आरोप है कि नगर निगम ने आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों पर 300 से 400 प्रतिशत तक टैक्स बढ़ाकर आम जनता और व्यापारियों पर आर्थिक हमला किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने इसे “जनता के साथ खुला अन्याय” करार देते हुए कहा कि यह फैसला न सिर्फ अव्यवहारिक है बल्कि पूरी तरह जनविरोधी भी है।

सबसे बड़ा सवाल तब खड़ा हो गया जब नगर निगम सदन में इस बढ़ोतरी को वापस लेने का निर्णय होने के बावजूद, जमीनी स्तर पर इसे लागू रखा गया। व्यापारियों का कहना है कि यही प्रशासन का “तानाशाही रवैया” उजागर करता है।

स्थिति और भी उलझन भरी तब हो गई जब एक ओर महापौर सुनीता दयाल पुरानी दरों पर टैक्स जमा कराने की बात कह रही हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन द्वारा बढ़ी हुई दरों पर वसूली के नोटिस भेजे जा रहे हैं। इस दोहरे रुख ने गृहकरदाताओं को भारी असमंजस में डाल दिया है। अब जनता स्पष्ट आदेश (लिखित अध्यादेश) की मांग कर रही है।

अब नहीं सहेंगे! व्यापारियों का खुला ऐलान

व्यापार मंडल का कहना है कि उन्होंने इस मुद्दे पर कई जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की, ज्ञापन सौंपे, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसी के चलते संगठन ने सख्त रुख अपनाते हुए अनिश्चितकालीन धरने का निर्णय लिया है।

यह धरना प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।

महानगर अध्यक्ष गोपीचंद के नेतृत्व में व्यापारी साफ कह चुके हैं कि-

“जब तक टैक्स वृद्धि पूरी तरह वापस नहीं ली जाती, आंदोलन जारी रहेगा।”

धरना स्थल पर व्यापारियों का गुस्सा साफ झलक रहा है। वे जोरदार नारे लगा रहे हैं “टैक्स के नाम पर शोषण बंद करो, जनता पर अत्याचार बंद करो” और “व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करो!” 

धरने में उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन ब्रजमोहन, संजय नगर व्यापार मंडल के चेयरमैन सहित दर्जनों व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!