गाजियाबाद पुलिस एक्शन मोड में, बीट सिस्टम सुधारने को कमिश्नर की बड़ी बैठक !
यक्ष एप के जरिए बीटवार समीक्षा
अधिकारियों को दिए गए सख्त दिशा-निर्देश
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। नगर जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गाजियाबाद पुलिस ने बीट प्रणाली को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ की अध्यक्षता में पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में एक उच्चस्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध), पुलिस उपायुक्त (नगर/मुख्यालय), नगर जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्त, साथ ही बीट स्तर पर कार्यरत उपनिरीक्षक (BSI) एवं बीट पुलिस अधिकारी (BPO) बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य बीट प्रणाली के क्रियान्वयन की समीक्षा कर उसे और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाना रहा।

बैठक के दौरान ‘यक्ष एप’ के माध्यम से बीटवार कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बीट स्तर पर हो रहे कार्यों, जनसंपर्क, अपराध नियंत्रण एवं सूचना संकलन की स्थिति का आकलन किया। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बीट अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें और आम नागरिकों के साथ संवाद को प्राथमिकता दें।

गोष्ठी में यह भी रेखांकित किया गया कि बीट प्रणाली पुलिसिंग की रीढ़ है, जिसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई संभव हो पाती है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए ‘यक्ष एप’ पर समयबद्ध और सटीक अपडेट दर्ज करें, जिससे निगरानी प्रणाली और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन सके।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि बीट प्रणाली को मजबूत करना ही स्मार्ट और उत्तरदायी पुलिसिंग की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने, जनता का विश्वास जीतने और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
