गाजियाबाद में ‘सुलह’ के बहाने बुलाकर दामाद की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में उबाल

1
0
0

शादी से नाराजगी या विवाद ?

ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

सड़क जाम कर लोगों ने जताया गुस्सा

NEWS1UP

क्राइम डेस्क

गाजियाबाद। जिले के टीलामोड़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ससुराल पक्ष के लोगों पर अपने ही दामाद की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है।

मृतक की पहचान लोनी के गीतांजलि विहार निवासी 32 वर्षीय नितिन राठी के रूप में हुई है। नितिन राठी ने लगभग एक वर्ष पूर्व मुस्कान नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि यह विवाह अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़े दो परिवारों के बीच हुआ था। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच समय-समय पर तनाव की स्थिति बनी रही, जो हाल के दिनों में और बढ़ गई थी।

शव सड़क पर रखकर जाम लगाते परिजन व अन्य लोग

समझौते’ के नाम पर बुलाया, रास्ते में बना मौत का जाल

परिजनों के मुताबिक, देर रात ससुराल पक्ष के कुछ लोग नितिन के घर पहुंचे और आपसी विवाद सुलझाने का हवाला देकर उसे अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि टीलामोड़ क्षेत्र के फरुखनगर स्थित भनेड़ा पुलिया के पास पहुंचने पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

आरोप है कि इसी दौरान नितिन के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गया।

नितिन व मुस्कान के विवाह की फाइल फोटो

अस्पतालों के चक्कर के बाद मौत

कुछ देर बाद पुलिस को सूचना मिली कि भनेड़ा पुलिया के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नितिन को तत्काल आराध्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में खुलासे

ACP अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को ही घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। ससुराल पक्ष नितिन को समझौते के लिए ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जो उसकी मौत का कारण बनी।

दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के ससुर सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

घटना के बाद जनता में आक्रोश

घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

1 thought on “गाजियाबाद में ‘सुलह’ के बहाने बुलाकर दामाद की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में उबाल

  1. बहुत ही हृदयविदारक घटना है जिसे सुनकर बहुत ही dukh होता है । ऐसा समय आ गया है कि मानवता मारती ही जा रही है । लोग छोटी छोटी बातों को बड़ा रूप dekar जान लेने पर आमादा रहते है । कानून तो अपना काम करेगा ही लेकिन दोनों परिवारो का जो नुकसान हुआ और आगे भी होगा क्या उसकी भरपाई कोई कर पाएगा ?
    Bhagwan से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करे avem परिवार जनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!