लिपि नागयाच और ट्विंकल जैन को बड़ी जिम्मेदारी, यूपी में 12 IPS अधिकारियों के तबादले
गाजियाबाद से वाराणसी पहुंचीं लिपि नागयाच, गौतमबुद्धनगर से लखनऊ गईं ट्विंकल जैन
कई जिलों में पुलिस व्यवस्था में बदलाव
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल करते हुए 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस निर्णय के तहत कई महत्वपूर्ण जिलों और पुलिस कमिश्नरेट्स में नई नियुक्तियां की गई हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की कोशिश मानी जा रही है।

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में तैनात सहायक पुलिस आयुक्त लिपि नागयाच को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) के पद पर भेजा गया है। वाराणसी की संवेदनशीलता और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए इस नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।
वहीं, सहारनपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पद पर तैनात सागर जैन को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) बनाया गया है। गोंडा के अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) मनोज कुमार रावत को संभल में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) के रूप में तैनाती दी गई है।
मेरठ के अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह को बहराइच भेजा गया है, जबकि सीतापुर के सहायक पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले को मेरठ में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) बनाया गया है। मेरठ में ही तैनात सहायक पुलिस अधीक्षक अंतरिक्ष जैन को बुलंदशहर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की सहायक पुलिस आयुक्त ट्विंकल जैन को लखनऊ कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है। प्रयागराज कमिश्नरेट के सहायक पुलिस आयुक्त राजकुमार मीणा को मिर्जापुर में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात सहायक पुलिस आयुक्त ऋषभ रनवाल को सोनभद्र में अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) के पद पर भेजा गया है। संभल के सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार को प्रतापगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर पूर्वी) की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा, वाराणसी कमिश्नरेट के सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. ईशान सोनी को जालौन में अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात किया गया है। अलीगढ़ के सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक पाठक को सहारनपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है।
