जीडीए बोर्ड बैठक में एरोसिटी से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक कई बड़े फैसलों पर मुहर

0

172वीं बोर्ड बैठक में शहर के दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तय

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। शहर के सुनियोजित और दीर्घकालिक विकास को गति देने के उद्देश्य से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 172वीं बोर्ड बैठक शुक्रवार को प्राधिकरण सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में एरोसिटी परियोजना, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, हरनंदीपुरम आवासीय योजना समेत 13 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई बड़े प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक की अध्यक्षता जीडीए बोर्ड के अध्यक्ष एवं मेरठ मंडल के आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने की। इस दौरान प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, वित्त नियंत्रक, सचिव, बोर्ड सदस्य तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

एरोसिटी परियोजना को मिली मंजूरी

बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के निकट प्रस्तावित एरोसिटी परियोजना को लेकर लिया गया। करीब 200.2515 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जाने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लैंड पूलिंग मॉडल को स्वीकृति प्रदान की गई। माना जा रहा है कि यह परियोजना गाजियाबाद को आधुनिक शहरी विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।

यूपीसीए के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का रास्ता साफ

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के साथ 50:50 संयुक्त उपक्रम मॉडल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम और आधुनिक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई। प्राधिकरण का मानना है कि इससे खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ शहर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी।

हरनंदीपुरम योजना के लिए 2179 करोड़ रुपये मंजूर

बोर्ड बैठक में हरनंदीपुरम आवासीय योजना के द्वितीय चरण को भी मंजूरी दी गई। योजना के अंतर्गत 125.2874 हेक्टेयर भूमि के क्रय और विस्तृत विकास कार्यों के लिए 2179.50 करोड़ रुपये के वित्तीय अनुमोदन को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही एरोसिटी और हरनंदीपुरम परियोजनाओं हेतु भूमि अधिग्रहण और क्रय के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत किया गया।

हाईराइज इमारतों के लिए अग्नि सुरक्षा होगी मजबूत

शहर में बढ़ती हाईराइज इमारतों को देखते हुए अग्नि सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। बैठक में 102 मीटर ऊंचाई तक कार्य करने वाले अत्याधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की खरीद को मंजूरी दी गई, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

हाईटेक टाउनशिप परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक के दौरान हाईटेक एवं इंटीग्रेटेड टाउनशिप परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं सन सिटी हाईटेक टाउनशिप की 2420.11 एकड़ क्षेत्रफल वाली संशोधित डीपीआर को भी बोर्ड ने अनुमोदित कर दिया।

शहर के आधारभूत ढांचे को मिलेगी नई दिशा

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय गाजियाबाद के आधारभूत ढांचे, आवासीय सुविधाओं, खेल अवसंरचना और आधुनिक शहरी विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!