पीएम सूर्यघर योजना में देशभर में बजा यूपी का डंका

0

चार राष्ट्रीय प्रथम पुरस्कार जीतकर बना सौर क्रांति का अगुआ, 5.64 लाख से अधिक घरों में पहुंची रूफटॉप सोलर ऊर्जा

NEWS1UP 

भूमेश शर्मा

लखनऊ/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्तर प्रदेश ने देशभर में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए सौर ऊर्जा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। नई दिल्ली में गुरुवार को आयोजित भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में उत्तर प्रदेश ने चार महत्वपूर्ण श्रेणियों में प्रथम स्थान हासिल कर देश का अग्रणी सौर ऊर्जा राज्य बनने का गौरव प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित योजनाओं और प्रभावी क्रियान्वयन के चलते उत्तर प्रदेश न केवल सौर ऊर्जा अपनाने में देश के अन्य राज्यों से आगे निकला है, बल्कि लाखों परिवारों को बिजली बिलों से राहत दिलाने में भी सफल रहा है।

चार श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर नंबर-1 बना उत्तर प्रदेश

मंत्रालय द्वारा जारी पुरस्कार सूची के अनुसार मई 2026 के दौरान उच्च उपभोक्ता आधार श्रेणी में उत्तर प्रदेश ने-

1,02,035 उपभोक्ता आवेदन प्राप्त कर देश में प्रथम स्थान हासिल किया

64,734 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर पहला स्थान प्राप्त किया

779 विक्रेताओं के पंजीकरण के साथ राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया

डिस्कॉम निरीक्षणों की श्रेणी में राज्य को दूसरा स्थान मिला

इसके अलावा लखनऊ जनपद ने एक लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर देश में पहला स्थान हासिल किया, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

5.64 लाख घरों तक पहुंची सौर ऊर्जा

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में अब तक 5.64 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे लाखों परिवारों को प्रतिमाह बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत हो रही है। कई उपभोक्ता अपनी जरूरत की बिजली स्वयं पैदा कर रहे हैं, जिससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिली है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे बड़े बदलाव का संकेत भी है।

योगी मॉडल बना सफलता की कुंजी

राज्य सरकार द्वारा अपनाया गया “विकेन्द्रीकृत क्रियान्वयन और केंद्रीकृत निगरानी” मॉडल इस सफलता का प्रमुख आधार माना जा रहा है। जिला स्तर पर बेहतर समन्वय, बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) की सक्रिय भागीदारी और व्यापक जनजागरूकता अभियानों ने योजना को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

सरकार का मानना है कि ऊर्जा सुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है और इसी सोच के साथ उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

विकसित भारत के संकल्प को मिली नई गति

नई दिल्ली में प्राप्त राष्ट्रीय सम्मान न केवल उत्तर प्रदेश की उपलब्धि है, बल्कि यह स्वच्छ ऊर्जा, हरित विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश की प्रगति का भी प्रतीक है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का यह प्रदर्शन अन्य राज्यों के लिए भी एक मॉडल बनकर उभरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!