अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में सीएम योगी का सख्त रुख, तुरंत FIR के निर्देश
बेटी-बेटी होती है, अपमान बर्दाश्त नहीं: मुख्यमंत्री
NEWS1UP
संवाददाता
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की बड़ी बेटी पर सोशल मीडिया में की गई अभद्र टिप्पणी के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आजमगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बेटी के सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता और ऐसी टिप्पणियां किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा,
“बेटी-बेटी होती है, उसके खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।”
गांव की बेटी सबकी बेटी : सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बेटियों को सम्मान देने की परंपरा रही है। उन्होंने कहा, “हम ऐसे संस्कारों में पले-बढ़े हैं जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी और गांव की बहन सबकी बहन होती है। हमने कभी भेदभाव नहीं किया।”
अखिलेश यादव को भी दी नसीहत
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भाषा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने लोगों को भी संयमित भाषा का पाठ पढ़ाना चाहिए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा,
“अखिलेश जी, अपने चेले-चपाटों को भी समझाइए कि वे अपनी भाषा को संयमित करें। बहनों-बेटियों, बुजुर्गों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।”
जरूरत पड़ी तो हम समझा देंगे
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन समाज में मर्यादा और सम्मान की सीमाएं नहीं टूटनी चाहिएं। उन्होंने कहा कि अपने लोगों को संस्कारित कीजिए। अगर वे नहीं समझें तो हमें बता दीजिए, हम उन्हें अच्छे से समझा देंगे।
क्या है मामला?
हाल ही में सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बड़ी बेटी को लेकर एक आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी सामने आई थी, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सार्वजनिक बयान और कार्रवाई के निर्देशों के बाद इस मुद्दे ने नया राजनीतिक महत्व प्राप्त कर लिया है।
