सोसायटी की पार्किंग में इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, सतर्कता से टला बड़ा हादसा
बैटरी में धमाके के बाद पार्किंग में मची अफरा-तफरी, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सी-1 और एम-1 टावर के बीच स्थित सी-1 टावर की पार्किंग में खड़ी स्कूटी में आग लगने के कुछ ही क्षण बाद उसकी बैटरी तेज धमाके के साथ फट गई और पूरा वाहन जलकर नष्ट हो गया। आग से पूरे परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास खड़े अन्य वाहन और रिहायशी टावर सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, एम-1/513 निवासी गिरीश मित्तल सुबह कार्यालय जाने के लिए अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी के पास पहुंचे। उनका फ्लैट एम-1 टावर में है, जबकि पार्किंग सी-1 टावर के नीचे स्थित है। बताया जाता है कि जैसे ही उन्होंने स्कूटी स्टार्ट करने का प्रयास किया, उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बैटरी तेज धमाके के साथ फट गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) कार्यालय से राहुल त्यागी, प्लंबर अजय, अर्जुन और अमित मौके पर पहुंचे। सुरक्षा गार्डों ने भी तत्परता दिखाते हुए फायर पाइप के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास किया। संयुक्त प्रयासों से कुछ ही देर में आग पर नियंत्रण पा लिया गया। आग से उठे घने धुएं के कारण सी-1 टावर के कई फ्लैट प्रभावित हुए, जिससे एहतियातन अनेक निवासी अपने घरों से बाहर निकल आए।
समय रहते नियंत्रण से टला बड़ा नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि आग पर तत्काल काबू नहीं पाया जाता तो पार्किंग में खड़े अन्य वाहनों तक आग फैल सकती थी। आग पर समय रहते नियंत्रण होने से संभावित बड़ा नुकसान टल गया।
पहले भी सामने आ चुकी हैं आग की घटनाएं
सोसाइटी में इससे पहले भी एसपी-2 टावर में एयर कंडीशनर (एसी) में आग लगने की घटना हो चुकी है। ताजा घटना के बाद एक बार फिर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

ईवी चार्जिंग व्यवस्था को लेकर निवासियों ने जताई चिंता
निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहन हैं और कई स्थानों पर उनकी चार्जिंग की जाती है। उनका आरोप है कि सुरक्षित ईवी चार्जिंग व्यवस्था के संबंध में कई बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद अब तक कोई स्पष्ट सुरक्षा दिशा-निर्देश या मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी नहीं की गई है।
फायर एनओसी की स्थिति पर भी उठे प्रश्न
कुछ निवासियों का दावा है कि सोसाइटी के पास अग्निशमन विभाग की वैध फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण-पत्र) उपलब्ध नहीं है। लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच यह स्थिति सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
प्रशासन से जांच और सुरक्षा ऑडिट की मांग
घटना के बाद निवासियों ने प्रशासन से सोसाइटी की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, फायर एनओसी की स्थिति, विद्युत सुरक्षा मानकों तथा इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग व्यवस्था की व्यापक जांच कराने की मांग की है। साथ ही नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट, सुरक्षित ईवी चार्जिंग व्यवस्था और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाने की भी मांग उठाई गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
