[t4b-ticker]

तिरंगा सिर्फ झंडा नहीं, स्वतंत्रता सेनानियों की अमिट गाथा है: योगी आदित्यनाथ

0
FC

गोरखपुर में सीएम योगी की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा

हजारों लोगों ने लिया राष्ट्र प्रथम का संकल्प

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सोमवार को गोरखपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक करीब ढाई किलोमीटर की यात्रा में हजारों लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा भारत की आन-बान-शान ही नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की अमिट गाथा है।

यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने नगर निगम परिसर में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन के दौरान अलग-अलग स्वरूपों में राष्ट्रीय ध्वज संघर्ष का प्रतीक बना और स्वतंत्रता के बाद चक्रयुक्त तिरंगे को राष्ट्रध्वज के रूप में स्वीकार किया गया।

हर घर तिरंगा’ से जुड़ा हर नागरिक

योगी ने कहा कि जिस राष्ट्रध्वज को फहराने के अधिकार के लिए कभी नागरिकों को अदालतों का दरवाजा खटखटाना पड़ता था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उसे प्रत्येक नागरिक के गौरव से जोड़ा गया। 2022 में नेशनल फ्लैग कोड में संशोधन के बाद हर नागरिक को अपने घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का अवसर मिला।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल वर्तमान भारत की पहचान नहीं, बल्कि मंगल पांडेय, बंधु सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, धनसिंह कोतवाल और काकोरी के क्रांतिकारियों के बलिदान की विरासत है।

काकोरी से चौरीचौरा तक बलिदान की गाथा

मुख्यमंत्री ने चौरीचौरा और काकोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि काकोरी की ऐतिहासिक घटना को लंबे समय तक ‘डकैती’ के रूप में प्रस्तुत किया गया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ के रूप में सम्मानित किया गया।

योगी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। आज उनके नाम पर स्मारक, संस्थान और योजनाएं बनाकर उनके योगदान को सम्मान दिया जा रहा है।

5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों से अपील की कि वे हाथ में मौजूद तिरंगे को अपने घर पर लगाएं और उसके साथ सेल्फी लेकर अभियान से जुड़ें। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। सरकारी, अर्द्धसरकारी, निजी और व्यावसायिक संस्थानों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि-

तिरंगा, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सम्मान करना स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

तिरंगा यात्रा में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!