ओवरस्पीडिंग-ओवरलोडिंग पर योगी सख्त, हाईवे से शहर तक बढ़ेगी पेट्रोलिंग
महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा बढ़ी
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्ती के निर्देश दिए हैं। शहरों से लेकर एक्सप्रेसवे, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक किराया वसूली, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और नशे में वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती की जाए। मालवाहक वाहनों और ट्रैक्टरों में यात्रियों के अनधिकृत परिवहन को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रक्षाबंधन पर ट्रैफिक दबाव को लेकर अलर्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में परिवहन विभाग, पुलिस, यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन आपसी समन्वय से काम करें। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों और शहरों के प्रवेश-निकास मार्गों पर पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार रखा जाए।
बस, टैक्सी और ऑटो-टेम्पो यूनियनों के साथ बैठक कर निर्धारित किराया, ओवरलोडिंग पर रोक और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कराने को कहा गया है।
हादसे की स्थिति में गोल्डन ऑवर पर जोर
सीएम योगी ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन ऑवर का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। राहत एवं बचाव केंद्रों, ट्रॉमा केयर सेंटर और एंबुलेंस को तकनीक के माध्यम से जोड़कर दुर्घटना की सूचना मिलते ही तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा का समय बढ़ा
रक्षाबंधन पर महिलाओं और एक सहयात्री के लिए यूपी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा का समय बढ़ा दिया गया है। अब यह सुविधा 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेगी। अतिरिक्त बसों के संचालन की भी तैयारी की गई है।
