राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: सुप्रीम कोर्ट ने SIT को दी चार्जशीट की मंजूरी!
25 सितंबर को सामने आएंगे आरोपों के दस्तावेज
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नई दिल्ली। राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में जांच अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। SIT ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि जांच में पर्याप्त सबूत मिले हैं और 25 सितंबर तक निचली अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।
चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ ने SIT की स्टेटस रिपोर्ट देखने के बाद जांच की प्रगति पर संतोष जताते हुए चार्जशीट दाखिल करने की अनुमति दे दी।
CCTV में 105 घटनाएं सामने आईं
SIT के मुताबिक, CCTV फुटेज में चढ़ावे की गणना के दौरान कथित गबन की 105 घटनाएं सामने आई हैं। जांच में बैंक खातों, संपत्तियों, CCTV फुटेज और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल के साथ फोरेंसिक ऑडिटर की मदद भी ली गई।
मामले में अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच के दौरान संदिग्ध रकम के साथ मंदिर में चढ़ाई गई आभूषण, चरण पादुका समेत कई वस्तुओं की बरामदगी की बात भी सामने आई है।
90 दिन की समयसीमा से पहले चार्जशीट
SIT की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि पहली गिरफ्तारी के 90 दिन पूरे होने से पहले चार्जशीट दाखिल करना जरूरी है। इसी वजह से25 सितंबर तक चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी है। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मामले की सुनवाई एडिशनल सेशंस जज स्तर के न्यायिक अधिकारी करेंगे। अदालत ने आगे की जांच का विकल्प भी खुला रखा है।
