November 3, 2026
[t4b-ticker]

राजनगर रेजीडेंसी में 17 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत, सोसाइटी में मचा हड़कंप!

0
RR

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित राजनगर रेजीडेंसी सोसाइटी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई। घटना शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान चैतन्य शर्मा पुत्र मूलचंद शर्मा के रूप में हुई है। वह इंटरमीडिएट का छात्र था और सोसाइटी के फ्लैट संख्या F-1303 में अपने परिवार के साथ रहता था।

चैतन्य शास्त्रीनगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल में पढ़ता था और इंटरमीडिएट का छात्र था। बताया जा रहा है कि बुधवार को उसका एग्जाम था। मंगलवार शाम वह अपनी बहन के साथ वॉक करने के बाद फ्लैट पर पहुंचा और फिर अपने कमरे में पढ़ाई करने बैठ गया। इसी बीच यह दर्दनाक घटना हो गई।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय चैतन्य की मां और बहन घर पर मौजूद थीं। उसके पिता मूलचंद शर्मा बिजली विभाग में एक्सईएन हैं और वर्तमान में कुशीनगर में तैनात हैं। बेटे के साथ हुई अनहोनी की सूचना मिलते ही वह गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए।

घटना के बाद चैतन्य को तत्काल यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थाना नंदग्राम पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इस हृदयविदारक घटना के बाद राजनगर रेजीडेंसी सोसाइटी में शोक की लहर है। चैतन्य की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं सोसाइटी के निवासी भी स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed