पटेल नगर में फोम के गद्दों के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख!
दमकल की तीन से चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई!
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। पटेल नगर के ए ब्लॉक में फोम के गद्दों के एक गोदाम में अचानक लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मच गया। दीवान डायग्नोस्टिक के पीछे वाली गली में स्थित गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए तीन से चार दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

गोदाम का सामान जलकर राख, लाखों के नुकसान की आशंका
आग इतनी भीषण थी कि गोदाम में रखे फोम के गद्दों सहित बड़ी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक गोदाम मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।
आग के कारणों का खुलासा नहीं
राहत की बात यह है कि घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण भी अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आएगी।
