November 9, 2026
[t4b-ticker]

मुंबई में 25 नवंबर तक रॉकेट पटाखों पर प्रतिबंध, BMC का आदेश जारी!

0
P1

प्रतीकात्मक इमेज

आग की बढ़ती घटनाओं के बाद शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का फैसला

मेयर ने की सुरक्षित दिवाली मनाने की अपील

NEWS1UP

संवाददाता

मुंबई। दिवाली के दौरान आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने रॉकेट और सीधे आसमान की ओर उड़ने वाले पटाखों पर 25 नवंबर 2026 तक प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश मुंबई के सभी सार्वजनिक और निजी स्थानों पर लागू होगा। रॉकेट पटाखों से निकलने वाले जलते अवशेष इमारतों की छतों, बालकनी और खिड़कियों में गिरकर आग का कारण बन सकते हैं। इसी खतरे को देखते हुए मुंबई शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने यह एहतियाती कदम उठाया है।

9 से 25 नवंबर तक लागू रहेगा प्रतिबंध

BMC आयुक्त एवं मुंबई शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, प्रतिबंध 9 नवंबर से 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगा। रिहायशी इमारतों, छतों, टेरेस, बालकनी, आंगन, पार्किंग स्थलों और झुग्गी बस्तियों में भी रॉकेट पटाखे चलाने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का पालन कराने की जिम्मेदारी पुलिस उपायुक्तों, BMC के विभागीय सहायक आयुक्तों और अग्निशमन विभाग को सौंपी गई है। हालांकि, अन्य पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। उनका इस्तेमाल मौजूदा कानूनों और न्यायालय के निर्देशों के अधीन रहेगा।

मेयर की अपील: त्योहार की खुशी किसी के लिए खतरा न बने

मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने नागरिकों से पटाखे जलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में पटाखों के कारण आग लगने की कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। त्योहार की खुशियां किसी दूसरे के लिए मुसीबत न बनें, इसके लिए लोगों को जिम्मेदारी से पटाखे चलाने चाहिए।

महापौर ने विशेष रूप से रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले पटाखों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पटाखे इमारतों, झुग्गी बस्तियों और वाहनों से दूर जलाएं। बच्चों पर निगरानी रखें, पास में पानी या अग्निशमन के उपकरण रखें तथा सिंथेटिक कपड़ों के बजाय सूती कपड़े पहनें। उन्होंने सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथ पर पटाखे जलाने से भी बचने की अपील की।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

महापौर ने नागरिकों से अपील की कि आग या किसी अन्य आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल मुंबई अग्निशमन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 101 अथवा BMC के 1916 नंबर पर संपर्क करें। उनका कहना है कि थोड़ी-सी सावधानी किसी की जान और संपत्ति को बड़े नुकसान से बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *