नैनीताल में दुर्घटना : गाजियाबाद के एक ही परिवार के दो सदस्यों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, पाँच घायल

0
0
0

NEWS1UP

संवाददाता

नैनीताल। वीकेंड पर घूमने आए गाजियाबाद के एक ही परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब शुक्रवार तड़के उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। भीषण हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुबह 7:30 बजे हुआ हादसा, चीख-पुकार से दहल उठा जंगल मार्ग

घटना शुक्रवार सुबह लगभग 7:30 बजे बाजपुर मार्ग पर गडप्पू चैकपोस्ट से करीब दो किमी आगे हुई। UP 14 GN 4349 नंबर की टाटा टियागो कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और तेज रफ्तार में सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर दौड़े और मुश्किल से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तुरंत 108 एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई।

घुमने निकला परिवार, पर लौटी दर्दनाक खबर

कालाढूंगी पुलिस के मुताबिक, सभी लोग गाजियाबाद के सिहानी क्षेत्र के रहने वाले हैं और शुक्रवार तड़के ही नैनीताल घूमने के लिए निकले थे। कार में चार वयस्क और दो छोटे बच्चे सवार थे। परन्तु कुछ ही घंटों बाद परिवार की खुशी मातम में बदल गई।

दो की मौत, पाँच घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में प्रदीप यादव (28) और राहुल (18), दोनों निवासी स्यानी, थाना नंदग्राम, गाजियाबाद, ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो गंभीर घायलों को CHC कालाढूंगी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में विवेक यादव (23), दीपांशु (निवासी नगला सुदमा, थाना बेवर, जिला मैनपुरी), ज्योति (27) पत्नी प्रदीप यादव, तीन साल छह महीने की अन्नईया उर्फ परी तथा डेढ़ साल की किट्टू शामिल हैं। सभी का इलाज बाजपुर के एक अस्पताल में जारी है। परिजनों को गाजियाबाद से सूचना दे दी गई है और वे घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं।

तेज रफ्तार और धुंध बनी है दुर्घटनाओं की वजह

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बाजपुर मार्ग पर सुबह की धुंध और तेज रफ्तार अक्सर हादसों को बुलावा देती है। उन्होंने इस मार्ग पर सुरक्षा प्रबंध बढ़ाने की मांग की। वहीं पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

इलाके में मातम का माहौल, जांच जारी

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से हटाकर गडप्पू चैकपोस्ट पर खड़ा कराया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!