जनता दर्शन में संवेदनशील मुख्यमंत्री: पीड़ित महिला को मिला न्याय का भरोसा!

0

मासूम अनन्या ने जीत लिया सबका दिल

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में एक बार फिर यह संदेश दिया कि शासन सिर्फ आदेश देने की व्यवस्था नहीं, बल्कि पीड़ा सुनने और समाधान देने की जिम्मेदारी भी है। प्रदेश के कोने-कोने से आए फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने कई मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

घर से निकाली गई महिला को मिला मुख्यमंत्री का संरक्षण

जनता दर्शन के दौरान लखनऊ निवासी महिला सीमा अपनी दो मासूम बेटियों के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंचीं। भावुक स्वर में उन्होंने बताया कि ससुर के निधन के बाद पति और ससुराल वालों ने उन्हें घर से निकाल दिया है। आर्थिक विपन्नता के कारण वह बच्चों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

सीमा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उन्हें ससुराल में रहने का अधिकार दिलाया जाए और बच्चों के पालन-पोषण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस आयुक्त को तत्काल और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। 

जब मुख्यमंत्री ‘बाबा’ बन गए

जनता दर्शन का एक दृश्य ऐसा भी रहा जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भाव-विभोर कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने माता-पिता के साथ आए सभी बच्चों को चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने का संदेश दिया। सीमा की गोद में बैठी दो वर्ष की नन्ही अनन्या भी इस दौरान आकर्षण का केंद्र बन गई। मुख्यमंत्री ने उसे प्यार से चॉकलेट दी। मासूम अनन्या खुशी से खिलखिला उठी। जब मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए उससे चॉकलेट मांगी, तो बच्ची ने बिना झिझक चॉकलेट उनकी ओर बढ़ा दी। इस निश्छल भाव ने मुख्यमंत्री के चेहरे पर अपनापन और स्नेह बिखेर दिया। वहां मौजूद लोग इस मानवीय पल के साक्षी बनकर भावुक हो उठे।

पुलिस, बिजली और इलाज से जुड़े मामलों पर भी सख्ती

जनता दर्शन में पुलिस, बिजली विभाग और इलाज के लिए आर्थिक सहायता से जुड़े कई प्रकरण सामने आए। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी से स्वयं प्रार्थना पत्र लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर मामले की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए

इलाज के लिए सहायता मांगने आए लोगों को अस्पताल से उपचार का एस्टिमेट मंगाने के निर्देश दिए गए, ताकि सरकारी सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!