सीएम योगी से मिले ‘गोदान’ फिल्म के निर्माता-निर्देशक, ट्रेलर लांच, गो-सेवा के यूपी मॉडल से प्रेरित है फिल्म!

0

गोरक्षा के संकल्प, भारतीय संस्कृति और

पंचगव्य विज्ञान को बड़े पर्दे पर लाएगी ‘गोदान’

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। गोमाता के संरक्षण, भारतीय संस्कृति में उसकी केंद्रीय भूमिका और पंचगव्य आधारित वैज्ञानिक दृष्टिकोण को केंद्र में रखकर बनी फिल्म ‘गोदान’ के निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया। निर्माता ने कहा कि देश में गो-रक्षा के क्षेत्र में सबसे ठोस, व्यापक और जमीनी कार्य उत्तर प्रदेश में हुआ है, जिसकी प्रेरणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट विजन और प्रतिबद्ध नेतृत्व है।

सीएम योगी के सत्ता संभालते ही प्रदेश में गो-तस्करी पर सख्त कार्रवाई शुरू हुई। बीते नौ वर्षों में 7,500 से अधिक गो-आश्रय स्थल बने, 12 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश का संरक्षण हुआ और हर जिले में गो संरक्षण समितियां गठित की गईं। प्रत्येक जनपद में डीएम और एसएसपी को नोडल अधिकारी बनाकर व्यवस्था को संस्थागत रूप दिया गया।

निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी ने मुख्यमंत्री को फिल्म की विषयवस्तु, उद्देश्य और सामाजिक संदेश से अवगत कराते हुए बताया कि ‘गोदान’ केवल एक कथा नहीं, बल्कि गो-संरक्षण, सांस्कृतिक चेतना, वैज्ञानिक सोच और सामाजिक दायित्व का समग्र दस्तावेज है। फिल्म 6 फरवरी को देशभर में रिलीज होगी।

उन्होंने कहा कि गाय भारतीय सभ्यता की सांस्कृतिक आत्मा है, वैदिक परंपरा से लेकर आज तक मानव जीवन की पोषक। नई पीढ़ी को गाय के महत्व से जोड़ना समय की आवश्यकता है। दूध देने के बाद गाय को त्याग देना सामाजिक जिम्मेदारी से पलायन है; गो-सेवा सरकार के साथ-साथ हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।

फिल्म में “पंचगव्य से पंच परिवर्तन” का संदेश प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ दिखाया गया है कि पंचगव्य मानव जीवन में सकारात्मक बदलाव, मानसिक शांति और स्वास्थ्य संतुलन में सहायक हो सकता है। निर्माता ने फिल्म को टैक्स-फ्री करने की अपेक्षा जताते हुए कहा कि यह किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक, विशेषकर युवाओं के लिए है।

मुलाकात के दौरान शांतनु शुक्ला (प्रचार-प्रसार प्रमुख), डॉ. कपिल त्यागी (सीएमडी, यथार्थ हॉस्पिटल, नोएडा) और नवल किशोर उपस्थित रहे। गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि गोमाता धरती, कृषि और मानव जीवन के लिए आशीर्वाद हैं; गो-सेवा पर आधारित यह फिल्म हर परिवार को सपरिवार देखनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!