होली के दिन नोएडा की सोसाइटी में मर्डर से मचा हड़कंप!

0

आईवी काउंटी में प्रेमिका अपने भाइयों के साथ मिलने पहुंची

विवाद के बाद भाई ने साहिल सिंघल को गोली मार दी

NEWS1UP

अपराध डेस्क

नोएडा। होली के रंग, ढोल और खुशियों के बीच अचानक गोलियों की आवाज़ गूंजी और कुछ ही क्षणों में उत्सव का माहौल सन्नाटे में बदल गया। दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में एक प्रेम संबंध ने खूनी मोड़ ले लिया। यहां एक युवक को उसकी ही प्रेमिका के भाइयों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।

यह सनसनीखेज वारदात थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की है, जहां 39 वर्षीय साहिल सिंघल की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक साहिल सिंघल पहले से शादीशुदा था, लेकिन पिछले करीब चार वर्षों से उसका एक अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। होली के मौके पर वही महिला अपने दो भाइयों के साथ साहिल से मिलने आईवी काउंटी सोसाइटी पहुंची थी।

सूत्रों के अनुसार, सोसाइटी में प्रवेश भी साहिल ने ही दिलवाया था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात कुछ ही देर में खून-खराबे में बदल जाएगी।

कुछ ही मिनटों में बढ़ा विवाद, चली गोली

बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि माहौल अचानक हिंसक हो गया। इसी दौरान महिला के एक भाई ने गुस्से में पिस्टल निकाल ली और साहिल पर गोली चला दी। गोली सीधे साहिल के शरीर में जा लगी। सोसाइटी के लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही साहिल जमीन पर गिरकर तड़पने लगा।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बुझ गई जिंदगी

घटना के बाद घबराए परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। एक पल में होली के रंगों से सराबोर माहौल मातम में बदल गया और पूरी सोसाइटी में सनसनी फैल गई।

घटना की जानकारी देतीं ADCP मनीषा सिंह

पुलिस ने दबोचे दो संदिग्ध

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

प्रेम, विवाद और फिर कत्ल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला प्रेम संबंध, पारिवारिक नाराज़गी और आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना पूर्व नियोजित थी या फिर गुस्से में अचानक हुई वारदात।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!