OFFICER CITY-2 AOA ELECTION: टीम अटल के उम्मीदवारों ने भरा पर्चा
रजिस्ट्री बिना फ्लैट वालों के नाम जोड़ना नियमों के खिलाफ, डिप्टी रजिस्ट्रार से करेंगे शिकायत: गौरव सोनी
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-2 सोसायटी में एओए चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को टीम अटल के उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर चुनावी प्रक्रिया को औपचारिक रूप से गति दे दी।

नामांकन दाखिल करने के लिए टीम अटल के सदस्य नामित चुनाव अधिकारी राजेश कुमार तेवतिया (जिला कुष्ठ अधिकारी) के कार्यालय पहुंचे। इस दौरान चारु त्यागी, गौरव सोनी, मुकेश जैन, अनिल शर्मा, अनिल वर्मा, दीपक हलधर, सुशील कुमार त्यागी, सत्यदेव सिंह, विशाल सिरोही और विनोद कुमार ने अपने-अपने नामांकन पत्र जमा किए।
सोसायटी में नई एओए टीम के गठन के लिए 19 अप्रैल को मतदान प्रस्तावित है, जिसे लेकर निवासियों में उत्साह देखा जा रहा है।
इस बीच, कालातीत एओए अध्यक्ष गौरव सोनी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि चुनाव अधिकारी द्वारा वोटर लिस्ट में अनियमितताएं की गई हैं। उनका कहना है कि मूल सूची में ऐसे लोगों के नाम शामिल नहीं थे, जिनके फ्लैट की रजिस्ट्री अभी तक नहीं हुई है, लेकिन संशोधित सूची में उनके नाम जोड़े गए हैं।
गौरव सोनी ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे सोमवार को डिप्टी रजिस्ट्रार से मिलकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की मांग करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
