नोएडा। सोमवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आग की दो बड़ी घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी। शाहबेरी फर्नीचर मार्केट और सेक्टर-2 स्थित एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में मची अफरा-तफरी
बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी इलाके में स्थित फर्नीचर मार्केट में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद दुकानदार और कर्मचारी जान बचाकर बाहर की ओर भागे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। आग के कारण दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।
लाखों का सामान जलकर राख
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
फैक्ट्री में भी लगी आग
इसी दौरान सेक्टर-2 स्थित एक फैक्ट्री में भी आग लगने की सूचना सामने आई। दमकल विभाग की टीमें दोनों स्थानों पर राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।