5 दिन… 4 किलकारियां: ‘पीतल नगरी’ के अस्पताल में हुआ ऐसा चमत्कार, डॉक्टर भी रह गए दंग !

0

एक ही गर्भ, दो डिलीवरी डेट और चार नवजात, मुरादाबाद का यह मामला मेडिकल दुनिया में बना चर्चा का विषय

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

मुरादाबाद। पीतल उद्योग और हस्तशिल्प के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध पीतल नगरी से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने डॉक्टरों से लेकर आम लोगों तक को हैरान कर दिया है। यहां एक निजी अस्पताल में 31 वर्षीय महिला ने महज 5 दिनों के भीतर चार बच्चों को जन्म दिया। सबसे खास बात यह रही कि पहला बच्चा 9 मई को पैदा हुआ, जबकि बाकी तीन बच्चों का जन्म 14 मई को हुआ।

यह अनोखा मामला संभल जिले के असमोली क्षेत्र से जुड़ा है। किराना कारोबारी मोहम्मद आलिम की पत्नी अमीना की प्रेग्नेंसी शुरू से ही हाई रिस्क मानी जा रही थी। इलाज मुरादाबाद स्थित TMU हॉस्पिटल में चल रहा था, जहां जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि अमीना के गर्भ में चार बच्चे पल रहे हैं।

डॉक्टरों के मुताबिक, इतनी जटिल प्रेग्नेंसी में अक्सर भ्रूण कटौती (फीटल रिडक्शन) की सलाह दी जाती है ताकि मां और बच्चों की जान को कम खतरा रहे। लेकिन अमीना और उनके परिवार ने चारों बच्चों को जन्म देने का फैसला किया।

डॉ. शुभ्रा अग्रवाल

अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शुभ्रा अग्रवाल ने बताया कि-

8 मई को अमीना की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद 9 मई को पहला बच्चा पैदा हुआ। इसके बाद डॉक्टरों की लगातार निगरानी में इलाज चलता रहा और 14 मई को तीन अन्य बच्चों ने भी जन्म लिया।

इन चारों नवजातों में दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं।

फिलहाल चारों बच्चों को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि उनकी स्थिति स्थिर है और धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। मां अमीना भी पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही हैं।

डॉक्टरों का कहना है कि मेडिकल साइंस में ऐसे मामले बेहद दुर्लभ होते हैं, जहां मल्टीपल प्रेग्नेंसी में बच्चों का जन्म अलग-अलग दिनों में हो। यही वजह है कि यह मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

चार-चार बच्चों की किलकारियों से परिवार में खुशी का माहौल है। रिश्तेदार और आसपास के लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!