15 जून से पहले पूरी होगी हाईटेक कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर भी सीएम सख्त
अपने सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग, लखनऊ पर सी०एम० समीक्षा बैठक करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ निर्देश दिए हैं कि 15 जून से पहले एयरपोर्ट तक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पूरी तरह मजबूत कर दी जाए। इसके तहत शुरुआती चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में कुल 500 ई-बसों के संचालन की योजना पर तेजी से काम हो रहा है।
लखनऊ में बुधवार को आयोजित स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की चौथी बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश की किसी भी बड़ी परियोजना में अब अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एक्सप्रेसवे, लॉजिस्टिक हब, डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
प्रतीकात्मक तस्वीर
जेवर एयरपोर्ट के लिए हाईटेक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क तैयार
सरकार की योजना है कि एयरपोर्ट शुरू होते ही यात्रियों को निर्बाध और आधुनिक परिवहन सुविधा मिले। इसके लिए इलेक्ट्रिक बसों के साथ-साथ चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को भी तेजी से विकसित किया जा रहा है। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में इस समय करीब 15.5 लाख इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं और वर्ष 2030 तक 10 हजार चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य तय किया गया है। अभी तक लगभग 2500 चार्जिंग स्टेशन चालू हो चुके हैं।
एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर सीएम की सख्ती
मुख्यमंत्री ने आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, जेवर लिंक एक्सप्रेसवे और झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण जून 2026 के अंत तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अब तक लगभग 55 प्रतिशत भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है।
इसके अलावा मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट भी स्वीकृत हो चुका है और अब भूमि अधिग्रहण की तैयारी शुरू कर दी गई है। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार को जबरदस्त गति मिलेगी।
डिफेंस कॉरिडोर और लॉजिस्टिक हब को भी रफ्तार
बैठक में डिफेंस कॉरिडोर परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि आइकॉन्स हिंदुस्तान एयरोस्पेस एंड डिफेंस सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड (Icons Hindustan Aerospace and Defence Systems Private Limited) ने अलीगढ़ डिफेंस नोड में 125 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। तकनीकी और भूमि आवंटन समितियों ने कंपनी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
वहीं मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब के लिए 323 हेक्टेयर में से 301 हेक्टेयर भूमि पर कब्जा मिल चुका है। मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के लिए भी तेजी से भूमि अधिग्रहण जारी है।
सीड पार्क, टेक्सटाइल पार्क और एग्री एक्सपोर्ट हब पर फोकस
सरकार अब कृषि और औद्योगिक विकास को जोड़ते हुए लखनऊ में सीड पार्क और टेक्सटाइल पार्क परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने जा रही है। वहीं जेवर एयरपोर्ट के निकट एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट हब विकसित करने की तैयारी है, ताकि कृषि उत्पाद सीधे वैश्विक बाजार तक पहुंच सकें।
उन्नाव में प्रस्तावित एक्वा ब्रिज परियोजना के तहत फिश प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और निर्यात की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
‘सीएम समीक्षा’ परियोजनाओं की होगी विशेष मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सेल बनाकर सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को निवेश और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सभी विभाग तय समयसीमा में काम पूरा करें।