‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत क्लासिक रेजीडेंसी में लगाए गए 100 पौधे
एओए के नेतृत्व में चला पौधरोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने की दिशा में राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्लासिक रेजीडेंसी सोसाइटी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एओए के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान सोसायटी परिसर में लगभग 100 पौधे रोपे गए, जिनमें नीम, पीपल जैसे छायादार एवं औषधीय वृक्षों के साथ विभिन्न प्रजातियों के फूलों के पौधे भी शामिल रहे।
एओए अध्यक्ष देशमणि शर्मा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण तैयार करना है। उन्होंने कहा कि हर पौधा प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है और यह पहल सोसायटी को अधिक सुंदर, पर्यावरण-अनुकूल एवं प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने सभी निवासियों से पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस समर्पण और उत्साह के साथ आज पौधरोपण किया गया है, उसी भावना से यदि इन पौधों का संरक्षण भी किया जाए तो आने वाले वर्षों में यही पौधे विशाल वृक्ष बनकर सोसायटी को शुद्ध वायु, हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का अमूल्य उपहार देंगे।
इस अवसर पर एओए सचिव हरिओम भाटी, कोषाध्यक्ष अतुल कुमार जैन सहित जितिन आनंद, शुभम गर्ग, के.के. यादव, डी.एस. सोनिया, यश कुमार त्यागी, आर.के. ढींगरा एवं बड़ी संख्या में सोसायटी के निवासियों ने पौधरोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

