गाजियाबाद में ‘स्टंटबाज़’ बाइकर ने उड़ाए कानून के परखच्चे! NH-9 पर मौत से खेलता रहा युवक
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार में सीट पर खड़े होकर और हाथ छोड़कर चलाता रहा बाइक, वायरल वीडियो ने उठाए पुलिस की निगरानी पर सवाल
संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (NH-9) पर एक स्टंटबाज़ बाइकर का खतरनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक तेज रफ्तार बाइक की सीट पर खड़ा होकर, दोनों हाथ हवा में लहराते हुए और बिना किसी डर के मौत से खेलता नजर आ रहा है। उसकी यह लापरवाही न केवल उसकी अपनी जान के लिए खतरा थी, बल्कि एक्सप्रेसवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की जिंदगी को भी गंभीर जोखिम में डाल रही थी।
वायरल वीडियो के अनुसार, बाइक सवार काफी दूर तक खतरनाक स्टंट करता रहा। लेकिन जैसे ही एबीईएस कॉलेज के निकट क्रॉसिंग रिपब्लिक-शाहबेरी कट के पास आगे यातायात पुलिस का वाहन दिखाई दिया, वह तुरंत बाइक की सीट पर सामान्य तरीके से बैठ गया। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या स्टंटबाज़ को पुलिस की मौजूदगी का आभास था और क्या वह कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहा था ?
बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम बाइक के पीछे चल रही एक कार में बैठे लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। वीडियो बनाते समय कार सवार खुद भी गलत लेन में पहुंच गए थे, जिसकी चर्चा वे वीडियो में करते हुए सुनाई दे रहे हैं। हालाँकि वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हो पायी है।
कानूनी जानकारों का मानना है कि है कि एक्सप्रेसवे पर इस तरह के स्टंट महज ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि गंभीर दुर्घटना को न्योता देने जैसा है। तेज गति पर एक छोटी-सी चूक कई निर्दोष लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है।
अब वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस वीडियो के आधार पर स्टंट करने वाले बाइक सवार की पहचान कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी, ताकि भविष्य में कोई और सड़क को स्टंट का मंच बनाने की हिम्मत न कर सके।
