[t4b-ticker]

फूलों की वर्षा के बीच निकली श्री चैतन्य महाप्रभु की प्रभात फेरी, गुलमोहर एनक्लेव में गूंजा हरिनाम संकीर्तन

0
G

एसपी-2 टावर में पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी के नेतृत्व में हुआ भव्य स्वागत, छप्पन भोग व महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

NEWS1UP

धर्म कर्म डेस्क

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव रविवार को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का केंद्र बन गया। पूज्य संत गौर दास जी सत्संग मंडल के तत्वावधान में आयोजित श्री चैतन्य महाप्रभु जी की प्रभात फेरी एवं हरिनाम संकीर्तन ने पूरे सोसाइटी परिसर को भक्तिमय बना दिया। हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन, मृदंग और करताल की मधुर ध्वनि से वातावरण इस कदर गुंजायमान हुआ कि श्रद्धालुओं को मानो वृंदावन की दिव्य अनुभूति होने लगी।

प्रभात फेरी सोसाइटी के विभिन्न टावरों और मार्गों से होकर निकली, जहां श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर, फूल-मालाएं अर्पित कर तथा हरिनाम संकीर्तन के साथ भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु का भावपूर्ण स्वागत किया। पूरे मार्ग में गूंजते जयघोष और संकीर्तन ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

यात्रा के एसपी-2 टावर पहुंचने पर सोसाइटी की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और हरिनाम संकीर्तन के साथ भव्य स्वागत किया। भगवान को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद महाआरती संपन्न हुई और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर रश्मि चौधरी ने कहा कि हरिनाम संकीर्तन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की जीवंत परंपरा है, जो समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती है। ऐसे आयोजन लोगों को भगवान के नाम से जोड़ते हुए सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ करते हैं।

आयोजक देवेंद्र अग्रवाल ने बताया कि पूज्य संत गौर दास जी के सान्निध्य एवं सभी वैष्णव भक्तों के सहयोग से यह आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि श्री चैतन्य महाप्रभु के हरिनाम संकीर्तन का संदेश जन-जन तक पहुंचाना ही इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। सोसाइटी के प्रत्येक टावर में जिस श्रद्धा और आत्मीयता के साथ प्रभात फेरी का स्वागत हुआ तथा श्रद्धालुओं ने छप्पन भोग, महाआरती और संकीर्तन में सहभागिता निभाई, उससे पूरे गुलमोहर एनक्लेव में वास्तव में वृंदावन जैसा दिव्य वातावरण साकार हो उठा।

आयोजन में श्री शिव बालाजी धाम मंदिर के पुजारी राजीव मिश्रा, रश्मि चौधरी, देवेंद्र अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, संकल्प अग्रवाल, सृष्टि अग्रवाल, गौरव बंसल, आर.के. गर्ग, दिनेश सिंह, एम.पी. सिंह, किंशुक बंसल, अनुजा, परी, अंशिका, नीरू, कीर्ति, कविता, निशी, अरविंद सिंघल, प्रभात गर्ग सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान सिहानी गेट थाना पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!