[t4b-ticker]

जब सरकारी विभाग नहीं जागे, तो ब्रेव हार्ट्स सोसाइटी AOA ने खुद रोशन कर दी सर्विस रोड!!

0
R

जीडीए और नगर निगम को बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

AOA ने उठाया जिम्मा: अब अंधेरे में डूबी सर्विस रोड जगमगाई

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की ब्रेव हार्ट्स सोसाइटी AOA ने निवासियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय पहल की है। सर्विस रोड पर लंबे समय से पर्याप्त रोशनी नहीं होने की समस्या को लेकर जीडीए और नगर निगम को बार-बार लिखित शिकायतें देने के बावजूद जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो AOA ने इंतजार करने के बजाय स्वयं आगे बढ़कर पूरी सर्विस रोड पर नई स्ट्रीट लाइटें लगवा दीं।

सर्विस रोड से गुजरती अकेली महिला

सर्विस रोड पर अंधेरा होने के कारण रात में आने-जाने वाले निवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर देर शाम या रात में अकेले आने-जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर यह स्थिति चिंता का विषय बनी हुई थी। अंधेरी सड़क न केवल आवागमन में असुविधा पैदा कर रही थी, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम बढ़ा रही थी।

अब पूरी सर्विस रोड नई स्ट्रीट लाइटों से रोशन है। रात के समय जहां पहले अंधेरा और असुरक्षा का माहौल रहता था, वहीं अब बेहतर रोशनी के कारण आवागमन सुगम हुआ है और निवासियों को भी सुरक्षा का एहसास हो रहा है।

सर्विस रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाते एओए के सदस्य

AOA अध्यक्ष लविश त्यागी का कहना है कि समिति का पहला दायित्व निवासियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी निवासी को ऐसी मूलभूत समस्या के कारण परेशानी न हो, इसके लिए कार्यकारिणी पूरी निष्ठा के साथ काम कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोसाइटी के विकास से जुड़े मुद्दों पर समिति संबंधित विभागों के समक्ष अपनी बात रखती रहेगी, लेकिन जहां तत्काल समाधान जरूरी होगा, वहां उपलब्ध संसाधनों के साथ पहल करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

आदर्श सोसाइटी’ बनाने का संकल्प

ब्रेव हार्ट्स सोसाइटी AOA ने साफ किया है कि सर्विस रोड को रोशन करना केवल एक समस्या का समाधान नहीं, बल्कि सोसाइटी को बेहतर और सुरक्षित बनाने की उसकी व्यापक कार्ययोजना का हिस्सा है। समिति का लक्ष्य आने वाले समय में सोसाइटी को को राजनगर एक्सटेंशन की सबसे बेहतर, सुरक्षित और आदर्श सोसाइटी के रूप में विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!