हापुड़ चुंगी से निकली भव्य तिरंगा पदयात्रा, गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे
ध्वजारोहण के बाद चिकित्सकों, समाजसेवियों और नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया एकता, भाईचारे और राष्ट्रसेवा का संदेश
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हापुड़ चुंगी चौराहे पर प्राइवेट चिकित्सक वेलफेयर एसोसिएशन एवं विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद बड़ी संख्या में चिकित्सकों, समाजसेवियों, पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर पदयात्रा की।
पदयात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और सेनानियों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर ब्रह्मऋषि विभूति बीके शर्मा हनुमान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन वीरों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनकी वजह से देश आजाद हुआ। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारा मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
प्राइवेट चिकित्सक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. ए.के. जैन ने कहा कि चिकित्सक स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं में राष्ट्रभक्ति, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में चिकित्सक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में “जय हिंद, जय भारत” का उद्घोष करते हुए राष्ट्र की सेवा, सम्मान और एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।
