तिरंगे को सलाम, शहीदों को नमन: आर.एस. इन्फ्राप्रोजेक्ट्स में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
कर्तव्य, अनुशासन और ईमानदारी से ही मजबूत होगा राष्ट्र: कमल शर्मा, प्लांट हेड
NEWS1UP
संवाददाता
सिकंदराबाद। आर.एस. इन्फ्राप्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड परिसर में शनिवार को देश की आजादी का 80वां पर्व देशभक्ति, उत्साह और गौरव के वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही कंपनी परिसर तिरंगे के रंगों और राष्ट्रभक्ति के जज्बे से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के दौरान एडमिन मैनेजर कैप्टन अरविंद कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।

समारोह को संबोधित करते हुए प्लांट हेड श्री कमल शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का उत्सव नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को समझने और उन्हें पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प भी है।
उन्होंने कहा,
“स्वतंत्रता हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करती है। हमें अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए कंपनी की प्रगति के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपना योगदान देना चाहिए। तिरंगा हमारी आन, बान और शान है तथा इसकी गरिमा बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।”
कमल शर्मा ने कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक ताकत केवल उसकी मशीनरी या संसाधनों में नहीं, बल्कि उसके कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और आपसी सहयोग में होती है। जब कार्यस्थल पर जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना साथ चलती है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव संस्थान से लेकर समाज और देश तक दिखाई देता है।
कार्यक्रम में अकाउंट हेड श्री देवेंद्र सिंह, PPC हेड श्री उपेंद्र कुमार तथा क्वालिटी एवं सिस्टम हेड श्री विक्रम सिंह सहित कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह के दौरान देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके बलिदान को याद करते हुए देश की प्रगति में अपनी जिम्मेदार भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
