गुलमोहर एनक्लेव में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
रश्मि चौधरी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
आर.के. गर्ग ने किया ध्वजारोहण
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद के चेयरमैन एवं सोसायटी निवासी आर.के. गर्ग ने कार्यकारिणी सदस्यों के साथ ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करने के साथ देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का अवसर है।

कार्यक्रम के बाद आरडब्ल्यूए की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी के नेतृत्व में सोसायटी परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजे के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया।

रश्मि चौधरी ने कहा कि तिरंगा यात्रा में निवासियों की एकजुट भागीदारी गौरव का विषय है। हमारा प्रयास है कि बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत हो। वहीं सचिव ए.के. दोहरे ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश और समाज की प्रगति में योगदान देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आर.के. गर्ग के गाजियाबाद की सोसायटियों की फेडरेशन का निर्विरोध चेयरमैन चुने जाने को गुलमोहर एनक्लेव के लिए गौरव बताया।
समारोह में बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। गौरव बंसल ने कार्यकारिणी सदस्यों के साथ मुख्य अतिथि आर.के. गर्ग का माल्यार्पण एवं बुके भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर किंशुक बंसल, एडवोकेट राज किशोर शर्मा, डॉ. अंशिका चौधरी, अनुजा बंसल, मंजू दोहरे, सीमा गुप्ता, अंकित सहदेव सहित सैकड़ों निवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर जलपान की व्यवस्था की गई।
