[t4b-ticker]

केडीपी ग्रैंड सवाना AOA चुनाव में टीम सक्षम का क्लीन स्वीप, 10 की 10 सीटों पर कब्जा!

0
KP

17 उम्मीदवारों में मुकाबला

राहुल कुमार बालियान सर्वाधिक वोटों के साथ शीर्ष पर

टीम KDP परिवार के सभी 7 प्रत्याशी हारे, सक्षम की लगातार पांचवीं जीत

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। राज नगर एक्सटेंशन में स्थित केडीपी ग्रैंड सवाना की AOA चुनावी जंग में इस बार भी टीम सक्षम का दबदबा कायम रहा। 10 सीटों के लिए हुए चुनाव में टीम ने ऐसा क्लीन स्वीप किया कि मुकाबले में उतरे टीम सक्षम के सभी 10 उम्मीदवार जीत गए, जबकि टीम KDP परिवार के सभी सात प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही टीम सक्षम ने लगातार पांचवीं बार AOA चुनाव में जीत दर्ज की है।

चुनावी नतीजों की सबसे बड़ी तस्वीर यह रही कि अंतिम परिणाम में शीर्ष 10 स्थानों पर टीम सक्षम के ही उम्मीदवार रहे। यानी जिन 17 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था, उनमें से चुने जाने वाले सभी 10 सदस्य एक ही टीम के निकले।

राहुल बालियान सबसे आगे

राहुल बालियान

चुनाव समिति की ओर से जारी अंतिम परिणाम में वर्तमान AOA अध्यक्ष राहुल कुमार बालियान ने सर्वाधिक 413 वोट हासिल किए और पहले स्थान पर रहे। उनका वेटेड ग्रैंड टोटल 793.79 रहा। दूसरे स्थान पर दीपक कुमार शर्मा को 403 वोट और तीसरे स्थान पर धर्मेंद्र कुमार को 402 वोट मिले। इसके बाद राज कुमार ठाकुर, अखिलेश कुमार, अनिल कुमार बंसल, विकास बहानी, अरविंद कुमार, तरुण कुमार राय और राजेश कुमार शर्मा रहे।

यानी पहले से लेकर दसवें स्थान तक सक्षम टीम का कब्जा रहा। यही 10 उम्मीदवार अब AOA में निर्वाचित सदस्य होंगे।

38 फॉर्म से शुरू हुआ चुनाव, 17 प्रत्याशी मैदान में बचे

निर्वाचन समिति के अध्यक्ष वी.के. जैन ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत में कुल 38 फॉर्म लिए गए थे। इनमें से 18 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। बाद में एक प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद अंतिम रूप से 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए।

इन 17 उम्मीदवारों में से केवल 10 सदस्यों का निर्वाचन होना था। नतीजा आया तो सभी 10 सीटें टीम सक्षम के खाते में चली गईं और केडीपी ग्रैंड सवाना के सभी सात उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा।

क्लब हाउस के बाहर स्क्रीन पर दिखी पूरी मतगणना

डॉ. वी.के.जैन, अध्यक्ष, चुनाव समिति

निर्वाचन समिति के अध्यक्ष डॉ. वी.के. जैन के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए वोटों की गिनती का क्लब हाउस के बाहर स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया गया। इससे सोसाइटी के निवासी मतगणना की प्रक्रिया को सीधे देख सके और चुनाव परिणाम सामने आने तक पूरी प्रक्रिया पर नजर रख सके।

चुनाव समिति के आंकड़ों के अनुसार कुल 646 फॉर्म वोटेड हुए। कुल वैध वोट 646 दर्ज किए गए, जबकि परिणाम में 3 ओवरवोट्स भी दर्ज हुए। कुल वैध वेटेज 1,254.55 रहा।

जीत के बाद सोसायटी वासियों का आभार व्यक्त करते टीम सक्षम के विजयी सदस्य और उनके समर्थक

ये हर निवासी के भरोसे की जीत: बालियान

चुनाव में सबसे अधिक वोट हासिल करने वाले और वर्तमान AOA अध्यक्ष राहुल कुमार बालियान ने जीत का श्रेय केडीपी ग्रैंड सवाना के निवासियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह टीम सक्षम की जीत से ज्यादा सोसाइटी के प्रत्येक निवासी के विश्वास, सहयोग और प्यार की जीत है। लगातार पांचवीं बार टीम पर भरोसा जताए जाने को उन्होंने बड़ी जिम्मेदारी बताया।

बालियान ने कहा कि टीम सक्षम का लक्ष्य  को पूरे NCR की सर्वश्रेष्ठ सोसाइटी बनाना है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए टीम निवासियों के सहयोग से आगे बढ़ेगी।

10 सीटें, एक टीम और पूरा कब्जा

इस चुनाव का सबसे बड़ा संदेश साफ है, 17 उम्मीदवारों में से 10 को चुना जाना था और मतदाताओं ने सभी 10 सीटों पर एक ही टीम को जीत दिलाई। टीम सक्षम के सभी 10 उम्मीदवारों की जीत और केडीपी ग्रैंड सवाना के सभी सात उम्मीदवारों की हार ने केडीपी ग्रैंड सवाना की AOA में नेतृत्व की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है।

अब चुनावी जीत के बाद टीम सक्षम के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी, निवासियों के भरोसे को काम में बदलना और केडीपी ग्रैंड सवाना को NCR की सर्वश्रेष्ठ सोसाइटी बनाने के अपने वादे को हकीकत में बदलना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!