[t4b-ticker]

हरियाली तीज के रंग में रंगा गुलमोहर एनक्लेव, वर्णिका जैन के सिर सजा ‘मिस तीज क्वीन’ का ताज

0
GGG

रश्मि चौधरी के संयोजन में हुआ भव्य आयोजन

गीत-संगीत, डांस, कैमल राइड और लकी ड्रॉ ने बांधा समां

 

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में रविवार को तीज उत्सव ने ऐसा रंग जमाया कि पूरा परिसर गीत-संगीत, उल्लास और उमंग से सराबोर हो उठा। रश्मि चौधरी के संयोजन में आयोजित भव्य तीज समारोह में जहां महिलाओं ने जमकर डांस और खरीदारी का आनंद लिया, वहीं ‘मिस तीज क्वीन’ प्रतियोगिता में वर्णिका जैन ने खिताब अपने नाम कर समारोह की सबसे खास उपलब्धि हासिल की।

गणेश वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में जैसे-जैसे उत्सव आगे बढ़ा, सोसायटी का माहौल और भी रंगीन होता गया। वर्णिका जैन के ‘मिस तीज क्वीन’ चुने जाने की घोषणा होते ही पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। रश्मि चौधरी ने उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर मौजूद महिलाओं और निवासियों ने वर्णिका जैन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

तीज उत्सव में परंपरा और आधुनिक मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिला। झूले, आकर्षक सेल्फी पॉइंट, कैमल राइड, फूड स्टॉल, टंबोला और लकी ड्रॉ ने बच्चों से लेकर महिलाओं और बुजुर्गों तक सभी को अपनी ओर खींचा। खास तौर पर कैमल राइड बच्चों और महिलाओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम में संगीत और डांस की प्रस्तुतियों ने माहौल में और रंग भर दिया। महिलाओं ने उत्साह के साथ डांस किया और लंबे समय तक जमकर धमाल मचाया। वहीं लाइफस्टाइल एग्जीबिशन में लगे विभिन्न स्टॉल पर खरीदारी के लिए भी महिलाओं की भीड़ जुटी रही।

तंबोला और लकी ड्रॉ ने बढ़ाया रोमांच

कार्यक्रम में तंबोला गेम को लेकर भी खासा उत्साह रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं और निवासियों ने इसमें भाग लिया। लकी ड्रॉ में विजेताओं के नाम घोषित किए गए और उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए। फूड स्टॉल पर विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए भी लोगों की भीड़ लगी रही, जबकि सेल्फी पॉइंट पर महिलाओं और बच्चों ने यादगार तस्वीरें खिंचवाईं।

आरडब्ल्यूए फेडरेशन चेयरमैन आर.के. गर्ग का सम्मान

समारोह के दौरान आरडब्ल्यूए फेडरेशन के चेयरमैन आर.के. गर्ग को भी सम्मानित किया गया। आनंद चौधरी और गौरव बंसल ने उन्हें फूलमाला और पटका पहनाकर तथा बुके भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के विशेष सहयोगी नक्षत्र इंफ्राटेक रहे। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए आयोजक की ओर से उनका आभार व्यक्त किया गया।

‘साथ आएं, संस्कृति से जुड़ें’: रश्मि चौधरी

आयोजक एवं गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने कहा कि तीज उत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सोसायटी के निवासियों को एक मंच पर लाकर भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देना तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और निवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।

समारोह में मालती सिंह, अनुजा बंसल, डॉ. अंशिका चौधरी, कंवल चौधरी, आर.के. गर्ग, निशी गुप्ता, कीर्ति पाहवा, दिनेश सिंह, एडवोकेट अनुज जैन, राजकिशोर शर्मा, गौरव बंसल, किंशुक बंसल सहित सैकड़ों सोसायटी निवासी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!