SG ग्रैंड सोसाइटी में चुनाव अधिकारी बदले, एक माह में चुनाव के आदेश
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित एस.जी. ग्रैंड सोसाइटी में एओए चुनाव को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। डिप्टी रजिस्ट्रार ने नामित चुनाव अधिकारी को बदलते हुए अब जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को सोसाइटी की नई कार्यकारिणी का चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। सोमवार को जारी आदेश में एक माह के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के मुताबिक चुनाव होने तक वर्तमान एओए पर भी कई पाबंदियां रहेंगी। एओए दैनिक आवश्यकताओं से जुड़े खर्च के अलावा किसी अन्य मद में खर्च नहीं कर सकेगी। इसके साथ ही किसी भी तरह के नीतिगत निर्णय लेने पर भी रोक रहेगी।
इससे पहले 14 अप्रैल को सहायक मत्स्य निदेशक रिचा चौधरी को चुनाव अधिकारी नामित किया गया था। हालांकि, 12 अगस्त को रिचा चौधरी ने डिप्टी रजिस्ट्रार को पत्र भेजकर बताया कि उनके पास चार जिलों का अतिरिक्त प्रभार है, जिसके चलते वह एस.जी. ग्रैंड सोसाइटी का चुनाव कराने में असमर्थ हैं।
इसके बाद डिप्टी रजिस्ट्रार ने चुनाव अधिकारी बदलते हुए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को नई जिम्मेदारी सौंप दी। अब निगाहें इस बात पर हैं कि प्रशासनिक बदलाव के बाद सोसाइटी में चुनाव प्रक्रिया कितनी तेजी से आगे बढ़ती है और एक माह की तय समयसीमा में नई कार्यकारिणी का गठन हो पाता है या नहीं।
